दिल्ली सरकार ने रात्रिकालीन अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए खाद्य ट्रकों को लेकर नीति का मसौदा तैयार किया है। इसमें खाद्य ट्रकों को दो जगहों पर व्यापार करने की अनुमति दी जा सकती है।
एक अधिकारी ने बताया कि खाद्य ट्रकों पर एक मसौदा पर्यटन मंत्री सौरभ भारद्वाज को सौंपा गया है। यह फाइल मंत्री के पास विचाराधीन है। मंजूरी मिलने के बाद इसे आम लोगों के लिए वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। हालांकि इसमें भूमि पार्सल का उल्लेख नहीं है। इन्हें विभिन्न सड़क-स्वामित्व वाली एजेंसियों से अधिग्रहीत किया जाना बाकी है।
इस नीति में कहा गया है कि भूमि का छोटा सा हिस्सा खाद्य ट्रकों के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा। उक्त व्यक्ति को विभिन्न एजेंसियों से व्यापार करने की अनुमति और लाइसेंस प्राप्त करने का काम सौंपा जाएगा, जबकि दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम सुविधा प्रदान करने का काम करेगा। सरकार ने पहले 16 स्थानों की पहचान की थी, लेकिन संबंधित एजेंसियों के विरोध के बाद योजना बाधित हुई।
इस योजना के तहत रात 8 बजे से देर रात 2 बजे तक खाद्य ट्रकों को खड़ा करने के लिए जगह चाहिए। ऐसे में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने कहा कि उसकी जमीन पर रात 10 बजे से पहले जगह नहीं है। यहां पार्किंग देर रात तक चलती हैं। ऐसे में राजीव चौक मेट्रो स्टेशन और सलीमगढ़ खंड के पास दो स्थानों की पहचान की गई है। इन जगहों पर पायलट प्रोजेक्ट की तहत योजना शुरू की जा सकती है। बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पहले नीति की रूपरेखा को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी।