दिल्ली पुलिस ने हरियाणा के पंचकूला में सल्तनत रिसोर्ट (रेस्टोरेंट) में 22/23 दिसंबर 2024 की रात हुए तिहरे हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस ने दो शार्पशूटर साहिल उर्फ पोली और विजय गहलोत को बंगलूरू से गिरफ्तार किया है।
दोनों शूटर ने खुलासा किया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू के कहने पर उन्होंने तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। मृतक विनीत उर्फ विक्की ने मंजित महाल गिरोह के साथ मिलकर नंदू के जीजा डाॅक्टर सुनील की हत्या कर दी थी। जीजा की हत्या का बदला लेने के लिए नंदू ने इस हत्याकांड को अंजाम दिलवाया। नौ साल बाद अपने जीजा की हत्या का बदला लिया है।
स्पेशल सेल के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनोज सी ने बताया कि तिलक नगर व ककरौला में फायरिंग और पंचकूला, हरियाणा में तिहरे हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने में लगी हुई थी। दोनों आरोपियों की पहचान आरजेड-90 ए, गंगा विहार, दीनपुर, नजफगढ़ निवासी साहिल उर्फ पोली (27) और वीपीओ ककरोला, द्वारका, दिल्ली निवासी विजय गहलोत उर्फ कालू (37) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों को पकड़ने के लिए हरियाणा, यूपी, हिमाचल, कर्नाटक और पंजाब में कई संदिग्ध ठिकानों पर कई छापे मारे।
पुलिस टीम ने विशेष इनपुट के आधार पर वांछित अपराधी साहिल विजय गहलोत को 5000 किमी पीछा करने के बाद बंगलूरू में 9 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और दो लाख रुपये बरामद किए गए। आरोपी आरोपी दिल्ली के तिलक नगर और काकरोला, दिल्ली में सनसनीखेज दिनदहाड़े हत्याओं में वांछित थे
शूटर साहिल ऐसे संपर्क में आया-
आरोपी साहिल उर्फ पोली कपिल सांगवान उर्फ नंदू के संपर्क में पीके नामक व्यक्ति के माध्यम से आया। पीके नंदू गिरोह का करीबी सहयोगी है। 2018 में आरोपी साहिल को पुलिस स्टेशन नजफगढ़, दिल्ली में डकैती के एक मामले में गिरफ्तार किया गया, जहां उसकी मुलाकात गैंगस्टर सचिन छिकारा से हुई। वह नंदू गिरोह का प्रमुख सदस्य है। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने शूटर विकास उर्फ पीके और रोहित डागर के साथ मिलकर नंदू के निर्देश पर नजफगढ़ में अपने प्रतिद्वंद्वी रोशन उर्फ छोटा को गोली मार दी।
शूटर विजय ऐसे संपर्क में आया-
आरोपी विजय गहलोत उर्फ कालू पुलिस स्टेशन ककरोला, दिल्ली का सक्रिय बीसी है। उसके खिलाफ संबंधित अदालत द्वारा कई मामलों में गैर जमानती वारंट जारी किए गए हैं। वर्ष 2023 में उस पर मंजीत महल गिरोह के शूटरों ने हमला किया था। मंजीत गिरोह को लगता था कि उसने मंजीत के पिता के हत्यारों की मदद की है। वह उस गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल हो गया था और बदला लेने के लिए उसने नंदू गिरोह से हाथ मिला लिया। इसके खिलाफ दिल्ली, हिमाचल प्रदेश व हरियाणा में 13 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं।
तिहरे हत्याकांड से कुछ समय पहले दिए थे हथियार-
दिल्ली पुलिस ने बंगलूरू की कोर्ट में बृहस्पतिवार को पेश कर तीन दिन का ट्रांजिट रिमांड लिया है और उन्हें दिल्ली ला रही है। आरोपी शूटरों ने खुलाया किया कि विक्की की हत्या करने के आदेश गैंगस्टर नंदू ने दिए थे। पंचकूला पुलिस ने दो दिन पहले जिन बदमाश मनोज व सुरिंदर को गिरफ्तार किया उन्होंने इनकी मदद की थी। दोनों शूटर को तिहरे हत्याकांड से कुछ समय पहले पंचकूला में ही विदेशी व आधुनिक हथियार दिए थे।