साउथ ईस्ट दिल्ली जिला पुलिस ने गुजरात से जुड़े एक सेठ गैंग का पर्दाफाश किया है। फिलहाल पुलिस के हाथ अभी गैंग का सरगना हाथ लगा है, जिसकी पहचान तरुण नथानी (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छह लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं। गैंग के सदस्य गुजरात समेत दिल्ली-एनसीआर में महंगी गाड़ियां चुराते थे। इसके बाद गाड़ी के नंबर को बदलकर बेच देते थे।
डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि 8 जुलाई को मदनपुर खादर मथुरा मार्ग पर शाम के वक्त चेकिंग हो रही थी। बदरपुर की ओर से आई फॉर्च्यूनर को देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भगाने की कोशिश की। जहां पुलिस ने बैरिकेड लगा उसे रोकने में कामयाबी पाई। यह कार चोरी की थी।
आरोपी ने पूछताछ में बताया पहले वह सेकेंड हैंड कार का बिजनेस करता था। ज्यादा रुपये कमाने की लालच में वह कार चोरी करने लगा। चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए उसने सेठ नाम से गैैंग शुरू कर दिया, जिससे कई अपराधी जुड़ गए। इसके बाद वे दिल्ली-एनसीआर आकर लग्जरी गाडियां चुराने लगे, जिनके इंजन और चेसिस नंबर को बदलकर उन्हें गुजरात में बेच दिया करते थे। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर मुखर्जी नगर से चुराई गई इनोवा कार शुक्रवार को उसके गुजरात स्थित घर से बरामद की है। बाकी दिल्ली से चोरी हुई गाड़ियां गुजरात पुलिस ने अपने कब्जे में ले रखी है।