भारत-तिब्बत सीम पुलिस बल (आईटीबीपी) के पांच जवान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शुक्रवार को अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक करीब 90 जवानों को क्वारंटीन किया जा चुका है।
पहाड़ी युद्ध में प्रशिक्षित सीमा सुरक्षा बल में यह कोरोना वायरस का पहला मामला है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के तिगरी इलाके में अर्धसैनिक बल के एक बेस पर आवश्यक सेवाओं में शामिल तीन जवान कोरोना संक्रमित पाए गए थे, उन्हें दिल्ली में भी क्वारंटीन कर दिया गया है।
एक अन्य मामले में दो दिन पहले 50वीं बटालियन के संक्रमित उप-निरीक्षक और हेड कांस्टेबल रैंक के अधिकारियों को क्वारंटीन के लिए झज्जर (हरियाणा) के एम्स अस्पाल भेजा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि 50वीं बटालियन को पुलिस के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली में तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि 90 जवानों की पूरी कंपनी को क्वारंटीन में भेज दिया गया है।
बता दें कि आईटीबीपी 90 हजार जवानों का मजबूत दल है, जिसका मुख्य काम चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) की रक्षा करने के साथ-साथ देश में अन्य आंतरिक सुरक्षा कर्तव्यों का पालन करना है।