दिल्ली में तीन तलाक का पहला मामला सामने आया है। तीन तलाक को गैर-कानूनी कहने वाला कानून बनने के बाद भी इस तरह के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। हालांकि दिल्ली में तीन तलाक देने वाला शख्स अब मुश्किल में पड़ गया है। आजाद मार्केट से इस शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला एक्ट 2019 के तहत केस दर्ज किया है। यह मामला तब सामने आया जब 29 वर्ष की रायमा याहिया ने बाड़ा हिंदू राव थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में रायमा ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने सिर्फ उसे तीन तलाक दिया बल्कि इसका फतवा भी व्हॉट्सऐप पर जारी कर दिया।
रायमा की शादी अतिर शमीम से 24 नवंबर 2011 को हुई थी। अतिर ने रायमा को तलाक इसी साल 23 जून को दिया है। बता दें कि तीन तलाक के खिलाफ कानून आने के बावजूद पिछले कुछ समय में तीन तलाक के कई मामले सामने आ चुके हैं।