मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्तरां में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें 21 लोगों की मौत हो चुकी है। इस भीषण आग में गुरुग्राम के सेक्टर 46 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) 45 वर्षीय विवेक अग्रवाल और उनके परिवार के आठ सदस्यों की भी मौत हो गई है। उनका परिवार एक गेस्ट हाउस में रुका हुआ था, खाने के लिए वह लेमन ग्रीन रेस्तरां गए हुए थे। विवेक अपने पिता की देखरेख के लिए पत्नी और दो बेटियों के साथ दिल्ली आए थे, जो मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती हैं। विवेक के ससुर प्रेम बंसल ने इस घटना की जानकारी दी।
बुधवार की सुबह दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्तरां में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मौके पर दमकल विभाग की गाडियां मौजूद हैं। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं।