नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर के नाम से चल रहा था कॉल सेंटर
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एमडीएल नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड और नेचुरल यूनानी हेल्थकेयर के नाम का इस्तेमाल कर अवैध कॉल सेंटर संचालित कर रहे थे। गिरोह के सदस्य चोरी किए गए ग्राहक डाटा के आधार पर लोगों को फोन करते थे। इस दौरान वे खुद को डॉक्टर बताकर ग्राहकों को दवाओं के फायदे बताते और उन्हें खरीदने के लिए तैयार करते थे। इतना ही नहीं, आरोपी फर्जी ऑर्डर तैयार करने और कॉल सेंटर से जुड़ी अन्य गतिविधियों में भी शामिल थे। छापेमारी के दौरान पुलिस को नकली दवाएं और कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
ऐसे बंटा था गिरोह के सदस्यों का काम
जांच में सामने आया कि गिरोह व्यवस्थित तरीके से काम कर रहा था। पंकज नाम का आरोपी कॉल सेंटर का टीम लीडर था और रोजाना के कामकाज को संभालता था। मुनीर, अमित तिवारी, विवेक, शिवम मंडल, समीर, अंशु, साहिद और इशांत ग्राहकों को फोन करने और फर्जी ऑर्डर तैयार करने का काम करते थे। वहीं, मोंटी के पास नकदी और दवाओं के स्टॉक की जिम्मेदारी थी। अंकित कॉलिंग एजेंटों की निगरानी और उन्हें प्रशिक्षण देता था, जबकि सूरज खातों और वित्तीय लेनदेन का हिसाब रखता था।
दो सरगनाओं की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर का संचालन फरार सरगना लतीफ और एक महिला के निर्देश पर किया जा रहा था। गिरफ्तार टीम लीडर पंकज इनके निर्देशों को आगे बढ़ाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका, ग्राहक डाटा चोरी करने के स्रोत और ठगी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।