आबकारी नीति में कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए भाजपा ने जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। भाजपा सांसदों, विधायकों, नेता प्रतिपक्ष समेत प्रदेश भाजपा पदाधिकारी मेट्रो स्टेशन, सड़क पर खड़े होकर हैंड बिल बांटा। मेट्रो में सफर कर रहे यात्रियों से दिल्ली सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर उनकी राय भी पूछ रहे हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी मेट्रो के बाहर हैंड बिल बांट रहे विधानसभा नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने इस मौके पर कहा कि दिल्ली की जनता को भी पता होना चाहिए कि आखिर झूठे प्रचार के सहारे अपनी राजनीति चमका रहे केजरीवाल की असली करतूत क्या है? मुख्यमंत्री से साफ और स्पष्ट सवाल है कि सिसोदिया की बर्खास्तगी क्यों नहीं। विधानसभा में खुद मनीष सिसोदिया कहते थे कि दिल्ली के 100 वार्ड हैं जहां शराब के ठेके नहीं खोले जा सकते, बावजूद मास्टर प्लान का उलंघन कर शराब के ठेके क्यों खोले गये।
सांसद मनोज तिवारी ने लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन पर हैंड बिल बांटते हुए नजर आए। आम आदमी पार्टी की सरकार शराब नीति पर चुप्पी साधे हुए है। जब तक ऐसे लोगों की बर्खास्तगी नहीं होगी तब तक भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।
सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि जब शराब बिक्री बढ़ी तो राजस्व में 3000 करोड़ का कैसे नुकसान हो गया? कमीशन को दो फीसदी से 12.5 फीसदी क्यों कर दिया? ये सारे सवाल केजरीवाल और उनके चहेते मनीष सिसोदिया से तब तक पूछे जाएंगे जब तक वे इसका जवाब नहीं दे देते। जनसंपर्क अभियान में प्रदेश महामंत्री कुलजीत चहल, हर्ष मल्होत्रा, दिनेश प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा, बरखा सिंह, विधायक विजेंद्र गुप्ता, अभय वर्मा, अनिल वाजपेयी, प्रवक्ता हरीश खुराना, सुनीता कांगड़ा समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।