आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सोमवार को यमुना नदी से प्रदूषित पानी एकत्र कर कई महिलाओं के साथ पार्टी राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचीं। जहां उन्होंने केजरीवाल के पोस्टर की पानी में डुबकी लगवाई।
दिल्ली चुनाव के बीच राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल को एक बार फिर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सोमवार को स्वाति मालीवाल पूर्वांचल की महिलाओं के एक समूह के साथ यमुना नदी पहुंची थी। उसके बाद वहां से बोतल में पानी लेकर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचीं।
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल के आवास पर जाने से पहले राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि केजरीवाल की वजह से यमुना नदी नाले में तब्दील हो गई। मैं हजारों पूर्वांचली महिलाओं के साथ यहां आई हूं। यहां की स्थिति इतनी खराब है कि बदबू के कारण हमारा यहां खड़ा होना भी मुश्किल हो गया है।
स्वाति ने आगे कहा कि पूर्वांचली महिलाएं मेरे साथ अरविंद केजरीवाल के आवास पर जा रही हैं। हम उनसे पूछेंगे कि नदी की सफाई के लिए आवंटित 7500 करोड़ रुपये कहां गए?। हम सब अरविंद केजरीवाल के आवास पर जा रहे हैं। उन्हें चुनौती देंगे कि वे हमारे सामने आएं और उनके लिए नदी से जो काला पानी इकट्ठा किया है, उसे देखें और उसमें डुबकी लगाएं और हो सके तो उसे पी भी लें।