मंगोलपुरी विधानसभा क्षेत्र में पिछले चुनाव में चौंकाने वाला नतीजा देने वाली आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार राखी बिड़लान इस बार त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी हैं। उनके सामने इलाके से चार बार विधायक रहे राजकुमार चौहान और भाजपा के नए खिलाड़ी माने जा रहे सुरजीत कुमार से कड़ी चुनौती हैं। बसपा उम्मीदवार देवेंद्र कुमार भी मैदान कूदकर मुकाबले को चतुष्कोणीय बनाने में लगे हैं।
वर्ष 1993 से लेकर 2008 तक हुए चार विधानसभा चुनाव में मंगोलपुरी में कांग्रेस के राजकुमार चौहान जीत हासिल की थी। इन चुनाव में भाजपा, जनता दल और बसपा के उम्मीदवार उनके समक्ष कोई चुनौती पेश नहीं कर सके थे।
इस कारण यह क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ माने जाने लग गया था, मगर पिछले चुनाव में केवल सवा साल पहले अस्तित्व में आई आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाकर सबको चौंका दिया, मगर इस बार किसी भी दल के लिए राह आसान नहीं मानी जा रही है। मतदाता पूरी तरह शांत हैं।