चुनाव आयोग ने दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी से भाजपा नेता कपिल मिश्रा के ट्वीट पर रिपोर्ट मांगी है। जिसके बाद रिटर्निंग ऑफिसर्स ने बीजेपी नेता कपिल मिश्रा को नोटिस जारी किया है। आपको बता दें कि कपिल मिश्रा ने गुरुवार को ट्वीट किया था कि 8 फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा।
नोटिस मिलने के बाद कहा- शाहीन बाग में चल रहा आतंकी आंदोलन
चुनाव आयोग के नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि मुझे कल रात चुनाव आयोग का नोटिस मिला है, मैं आज उसका नोटिस का जवाब दूंगा। मैं मानता हूं कि मैंने कुछ गलत नहीं कहा है। सच बोलना इस देश में गुनाह नहीं है। मैं अपने बयान पर अडिग हूं।
शाहीन बाग में सड़कों पर अतिक्रमण किया हुआ है, लोगों को स्कूल, ऑफिस, अस्पताल जाने से रोका जा रहा है, भड़काऊ नारेबाजी की जा रही है। शाहीन बाग में आतंकी आंदोलन चलाया जा रहा है। जिस बेशर्मी के साथ मनीष सिसोदिया ये कह रहे है कि वो शाहीन बाग के साथ खड़े हैं, उससे पता चलता है कि यह एक राजनीतिक आंदोलन है।
आपको बता दें कि दिल्ली की मॉडल टाउन विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार कपिल मिश्रा ने गुरुवार को विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला। कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया कि आठ फरवरी को दिल्ली की सड़कों पर हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा।
इसके साथ ही कपिल मिश्रा ने कहा- दिल्ली में कई जगहों पर मिनी पाकिस्तान बन चुका है। कई जगहों पर शाहीन बाग बना दिया गया है। जब-जब पाकिस्तान खड़ा करने की कोशिश हुई है, तब-तब हिंदुस्तान खड़ा हुआ है।