बिधूड़ी के बयान को लेकर तंज कसते हुए प्रियंका बोलीं कि कभी अपने गालों के बारे में उन्होंने बात नहीं की। यह सब बातें बेकार की हैं। साथ ही नसीहत देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान अहम मुद्दों पर बात होनी चाहिए। बीते 5 जनवरी को भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके बाद बिधूड़ी के बयान को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कड़ी नाराजगी जताई थी। जिसमें उन्होंने लिखा था कि यह बदतमीजी सिर्फ घटिया मानसिकता नहीं दिखाती, यह उनके अन्य सहयोगियों और सहकर्मियों की असलियत दिखाती है।
'पहले कांग्रेस मांगे माफी'
कांग्रेस के हंगामे के बाद भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा था कि मैंने कोई विवादित बयान नहीं दिया है। कांग्रेस को बयान पर एतराज है तो पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव से कहें कि वह हेमा मालिनी से माफी मांगें। क्योंकि उन्होंने भी इस तरह का बयान दिया था। विरोध के बावजूद वह अपने बयान पर कायम हैं। रमेश बिधूड़ी ने कहा कि अगर कांग्रेस को मेरे बयान से आपत्ति है तो पहले वह लालू यादव से कहे कि वह हेमा मालिनी से माफी मांगें।