विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे दिल्ली चुनाव कार्यालय के कर्मचारी क्रिसमस डे पर सांता बनकर बाजारों व मॉल्स में घूमते नजर आए। इस दौरान कर्मचारियों ने बच्चों को टॉफी व चॉकलेट दिए और अभिभावकों से चुनावी प्रक्रिया के बारे में बात की। मतदाता बनने के साथ ही वोटर सूची में सुधार, ईवीएम व वीवी पैट की भी जानकारी दी।
चुनाव कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि क्रिसमस डे की छुट्टी होने से योजना तैयार की गई कि मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए मॉल्स व बाजार बेहतर स्थान होंगे। इसके लिए अलग-अलग करीब दस टीमें बनाई गईं थीं।
हर टीम के साथ एक सांता क्लाज भी था। उनके बैग में बच्चों को आकर्षित करने के लिए टॉफी, चाकलेट समेत छोटे-छोटे गिफ्ट थे। बच्चों से संपर्क करने के दौरान उनके अभिभावकों से चुनाव प्रक्रिया के बारे में बात की गई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चुनाव कार्यालय की टीमें पश्चिम विहार के एआरएस मॉल, पटपड़गंज के सिटी मॉल, लक्ष्मी नगर के वीथ्रीएस मॉल, कमला नगर के स्पिक मॉल समेत दूसरे कई मॉल्स व बाजारों में पहुंचीं।