सीएम आतिशी का शिवराज सिंह चौहान को जवाब
मुख्यमंत्री आतिशी ने जवाब देते हुए लिखा कि भाजपा का किसानों के बारे में बात करना वैसे ही है जैसे दाऊद अहिंसा पर प्रवचन दे रहा हो। जितना बुरा हाल किसानों का भाजपा के समय हुआ है। उतना कभी नहीं हुआ है। आगे कहा कि पंजाब में किसान आमरण अनशन पर बैठे हैं। मोदी जी से कहिए उनसे बात करें। किसानों से राजनीति करना बंद करो। भाजपा के राज में किसानों पर गोलियां, लाठियां चलाई गयी हैं।
अरविंद केजरीवाल ने भी किया एक्स पर पोस्ट साझा
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट लिखते हुए कहा कि पंजाब में किसान कई दिनों से धरने और अनिश्चित अनशन पर बैठे हैं। इनकी वही मांगे हैं जो केंद्र सरकार ने तीन साल पहले मान ली थी लेकिन अभी तक लागू नहीं की। बीजेपी सरकार अब अपने वादे से मुकर गई। बीजेपी सरकार किसानों से बात तक नहीं कर रही। उनसे बात तो करो।
आगे कहा कि हमारे ही देश के किसान हैं। बीजेपी को इतना ज्यादा अहंकार क्यों है कि किसी से बात भी नहीं करते? पंजाब में जो किसान अनिश्चित अनशन पर बैठे हैं, भगवान उन्हें सलामत रखें लेकिन यदि उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए बीजेपी जिम्मेदार होगी। देशभर के किसानों की जानकारी के लिए मैं बता दूं कि जो तीन काले कानून केंद्र ने तीन साल पहले किसानों के आंदोलन की वजह से वापिस लिए थे, उन्हें “पॉलिसी” कहकर केंद्र सरकार पिछले दरवाजे से दोबारा लागू करने की तैयारी कर रही है। इस पॉलिसी की कॉपी उनके विचार जानने के लिए केंद्र ने सभी राज्यों को भेजी है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखी थी चिट्ठी
बता दें कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिल्ली की मुख्यमंत्री को चिटठ्ठी लिखी है। उन्होंने दिल्ली के किसानों की हालत पर दुख और चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बहुत दुख के साथ लिख रहा हूं। आपने कभी भी दिल्ली के किसानों के हित में उचित निर्णय नहीं लिए हैं। केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं को भी आपकी सरकार ने दिल्ली में लागू होने से रोका है। आपकी सरकार को किसानों से कोई हमदर्दी नहीं है। आज दिल्ली के किसान परेशान और चिंतित हैं।