दरअसल, शुक्रवार को अमर उजाला संवाददाता ने सदर बाजार विधानसभा क्षेत्र का जायजा लिया तो घनी बसावट और मुख्यतया बड़े बाजारों वाली इस सीट की सड़कों की हालत बदतर दिखी। इससे कारोबारी ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में आने वाले खरीदार भी परेशान हैं। बातचीत के दौरान सभी ने बुनियादी सुविधाओं की खस्ताहाल पर ध्यान दिलाया। मजाकिया लहजे में कारोबारी अमर चंद्र ने कहा कि देश का डायनिंग रूम अगर दिल्ली है तो दिल्ली की आर्थिक नब्ज सदर बाजार है, लेकिन यहां ही बुनियादी सुविधाएं नदारद हैं।
लगातार चौथी जीत की तलाश में आप
दिल्ली की 70 सीटों में से सदर बाजार विधानसभा सीट भी शामिल है। यह महत्वपूर्ण सीट दिल्ली उत्तरी पश्चिमी जिले का हिस्सा होने के साथ ही चांदनी चौक लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में भी शामिल है। वर्ष 2013 से इस सीट पर आप का कब्जा है। आप के सोमदत्त ने यहां से जीत की हैट्रिक लगाई है। 1993 में विधानसभा सीट का गठन होने पर हुए चुनाव में भाजपा के हरिकिशन विधायक चुने गए थे। इसके बाद लगातार तीन बार कांग्रेस के राजेश जैन विधायक बने।
प्रमुख इलाके
सदर बाजार खारी बावली के पश्चिमी क्षेत्र में बसा हुआ है। यह घरेलू सामानों की थोक मार्केट है। यह क्षेत्र प्रताप बाजार, स्वदेशी मार्केट आदि नामों से भी जाना जाता है। इस क्षेत्र में सराय रोहिल्ला व सदर बाजार रेलवे स्टेशन भी हैं।
गली-मोहल्लों में सीसीटीवी कैमरों की कमी और पुलिस पेट्रोलिंग न होने से चोरी व छीना-झपटी की घटनाएं बढ़ रही हैं। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में असुरक्षा का माहौल है। सुरक्षा उपाय मजबूत और नियमित निगरानी होन चाहिए। - अमरचंद्र
इलाके में जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। संकरी सड़कों, अवैध पार्किंग व अतिक्रमण के कारण चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जाम से समय की बर्बादी और प्रदूषण भी बढ़ रहा है। - अनिल बंसल
सड़कें बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़कें जनता को परेशान कर रही हैं। सार्वजनिक शौचालय की कोई व्यवस्था न होने से महिलाएं और बुजुर्ग को दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। - राकेश कुमार यादव