अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित करोल बाग विधानसभा सीट पर वर्ष 2003 से 2013 तक भाजपा का कब्जा रहा। इससे पहले वर्ष 1998 में यह सीट कांग्रेस के पास थी। यहां वर्ष 2013 से लेकर अब तक आम आदमी पार्टी के विधायक विशेष रवि हैं।
आप ने फिर से विशेष रवि को ही उम्मीदवार बनाया है। जबकि भाजपा ने दुष्यंत कुमार गौतम को टिकट दिया है। दुष्यंत कुमार गौतम भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में हरियाणा से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं।
यहां मोबाइल, टीवी सहित अन्य इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों के लिए मशहूर गफ्फार मार्केट है। वर्ष 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान यह इलाका चर्चा में रहा था। करोलबाग में जल बोर्ड मुख्यालय, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, दो सरकारी अस्पताल व दो सरकारी कॉलेज हैं।
इसके अलावा होटलगंज नाम से मशहूर पहाड़गंज भी आता है, जहां दिल्ली आने वाले हजारों देसी-विदेशी सैलानी ठहरते हैं। यहां पर बापा नगर, देव नगर, टैंक रोड, जगजीवन निवास, कृष्ण नगर, रैगरपुरा, संत नगर, प्यारे लाल रोड, रामजस रोड, सराय रोहिल्ला, रोहतक रोड, तिबिया कॉलेज, मानक पुरा, डोरीवालान, फैज रोड, मोतिया खान, आराम बाग, बीडनपुरा आदि प्रमुख स्थान हैं।
पिछले चुनाव में मतदाता
2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान यहां कुल 1,08,339 वोटर थे। यहां 59584 पुरुष व 48755 महिला मतदाता थे।