विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी चुनावी मैदान में है। बसपा एक बार फिर राजधानी की 69 सीटों पर उम्मीदवार उतार कर दो-दो हाथ करने की घोषणा कर चुकी है।
वहीं, दिल्ली में समाजवादी पार्टी ने इस बार भी कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। वर्ष 1993 से लेकर 2020 तक बसपा दो बार सभी सीटों पर अपने प्रत्याशियों को उतार चुकी है। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में जब बसपा ने 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था तो रिकॉर्ड 8,67,672 वोट हासिल किए थे।
यह दिल्ली में बसपा का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस चुनाव में दो विधानसभा सीटों पर बसपा को जीत नसीब हुई थी। हालांकि, 70 में से 49 प्रत्याशियों की जमानत इसी चुनाव में जब्त हुई थी।
2015 के विधानसभा चुनाव में भी बसपा सभी सीटों पर लड़ी, लेकिन पार्टी का सबसे खराब प्रदर्शन रहा। बसपा को महज 1,17,093 वोट से ही संतोष करना पड़ा। इस चुनाव में पार्टी के 70 में से 69 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई थी।