दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा), आम आदमी पार्टी(आप) और कांग्रेस जैसी मुख्य पार्टियां एक-दूसरे को घेरने में लगी हैं। इसी बीच बुधवार को कांग्रेस नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने आप सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने दिल्ली में आप सरकार द्वारा बनाए गए क्लास रूम और प्रदूषण रोधी मास्क को लेकर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है।
थरूर ने कहा कि दिल्ली सरकार को 12,782 क्लास रूम बनाना था जिसकी कुल कीमत 2,892 करोड़ रुपये है तो एक कक्षा की लागत कितनी है। उन्होंने कहा, "हमारे लोगों ने अनुमान लगाया है कि यह सब आराम से 800 करोड़ रुपये के खर्च में किया जा सकता था, जबकि इसपर 2,892 करोड़ रुपये खर्च किए गए। क्या हमारे यहां 2,000 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है? उन्होंने दूसरे ट्वीट में इसको लेकर जवाब देने को भी कहा है। थरूर ने ट्वीट कर कहा, "आप भष्टाचार से लड़ाई का दावा कर रही है तो बताए यह पैसा कहां गया।
वहीं, थरूर ने आप सरकार पर विकास के बजाय आम जनता के पैसे का इस्तेमाल विज्ञापन में करने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने कहा कि पांच साल में एक भी अस्पताल नहीं खुला है। मौजूदा सरकारी अस्पतालों की उपेक्षा हुई है। आप सरकार ने एक हजार मोहल्ला क्लीनिक खोलने का वादा किया था जिसमें से मात्र 189 ही खोले गए हैं। वहीं, दिल्ली की पानी की गुणवत्ता सबसे खराब है।
दूसरी तरफ कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने दिल्ली सरकार और केंद्र में मौजूद भाजपा सरकार को महिला सुरक्षा को लेकर कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि मोदी और केजरीवाल के सत्ता में रहते दिल्ली 'रेप कैपिटल' बन गया है।