पीतमपुरा में टॉवर हाइट अपार्टमेंट में आग लगते ही धुंए का गुबार ऊपर की मंजिलों तक फैल गया। नीचे की मंजिलों में रहने वाले कुछ लोग बाहर निकल गए थे, जबिक कुछ लोग छत पर पहुंचकर मदद की गुहार लगा रहे थे। दमकलकर्मी अपार्टमेंट में घुसे। वहां सीढ़ियों में धुंआ भरा था।
पांचवीं मंजिल पर कई फ्लैटों में लोग क्रिकेट मैच देख रहे थे। घटना से कुछ देर पहले ही मैच खत्म हुआ था। उन लोगों का कहना है कि आग लगने की जानकारी मिलते ही सभी फ्लैट से बाहर निकाल गए और नीचे जाने की कोशिश करने लगे। लेकिन, सीढ़ियों पर फैले धुंए को देखकर नीचे जाने का हिम्मत नहीं जुटा पाए। ऐसे में सभी छत की ओर भागे। ऐसा लग रहा था कि आज बच नहीं पाएंगे, लेकिन दमकल की गाड़ियों के साथ स्काई लिफ्ट को देख राहत मिली। दमकल अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह उन्हें बचा लेंगे। कोई भी छलांग लगाने की कोशिश न करें।
एक-एक फ्लैट का दरवाजा खटखटाकर बचाया
धुंए का गुबार फैलने से पांचवीं मंजिल में रहने वाले लोग वहीं फंस गए। इन्हें निकालने के लिए स्काई लिफ्ट को लगाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में दमकलकर्मी धुंए के गुबार के बीच अपार्टमेंट में घुसे और एक-एक फ्लैट का दरवाजा खटखटाकर सभी को जगाया।
पप्पी की जान सांसत में देख जागी इंसानियत
अपार्टमेंट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर दमकलकर्मियों ने राहत की सांस ली, लेकिन इसी दौरान उन्हें पता चला कि जिस फ्लैट में आग लगी है उसमें एक पप्पी फंसा है। दमकलकर्मी मास्क लगाकर उस फ्लैट में घुसे और कमरे के एक किनारे में दुबके पप्पी को बाहर निकाला।