दुर्घटनाग्रस्त बीएमडब्ल्यू कार
- फोटो : एएनआई
सरिता विहार इलाके में आधी रात को बर्थडे पार्टी करने के नाम पर हुड़दंग मचा रहे कुछ युवकों ने टोकने पर अपनी बीएमडब्ल्यू कार पुलिसकर्मियों पर चढ़ा दी। इसमें एक सिपाही जितेंद्र की दोनों टांगें टूट गई, जबकि दूसरे ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। इसके बाद युवकों ने गाड़ी लेकर फरार होने की कोशिश में वहां स्थित एक जूस कॉर्नर को टक्कर मार दी। यहां एक अन्य राहगीर जख्मी हो गया। इसके बाद वे कार वहीं छोड़कर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने गाड़ी चलाने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने हत्या के प्रयास, सरकारी काम में बाधा, ड्यूटी के दौरान हमला करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। कब्जे में ली गई कार से पुलिस को बीयर व शराब की बोतलें मिली हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि सरिता विहार थाने के सिपाही जितेंद्र और अंकुर रविवार देर रात करीब 12ऱ्05 बजे गश्त पर थे। सरिता विहार की एच-पॉकेट मार्केट में उन्होंने कुछ लड़कों को शोर-शराबा करते हुए सफेद बीएमडब्ल्यू कार पर केक रखकर काटते देखा। सिपाहियों ने लड़कों को समझाते हुए शोर-शराबा न करने और घर जाने के लिए कहा। इस पर वे पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने लगे। दोनों ने थाने पर सूचना दी तो जिप्सी भेजी गई।
जिप्सी को आते देखकर हुड़दंगी युवक कार लेकर जनता फ्लैट मदनपुर खादर की ओर भागे। जिप्सी ने कार का पीछा शुरू कर दिया। बीएमडब्ल्यू चला रहे युवक ने के-पॉकेट के पास से यू-टर्न लिया और एबीसी ब्लॉक की ओर भागा। जितेंद्र व अंकुर ने हाथ से इशारा कर उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने दोनों पर कार चढ़ा दी। अंकुर ने दूसरी ओर कूदकर किसी तरह जान बचाई, लेकिन जितेंद्र कार की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गया।
उधर, आरोपी कार लेकर मदनपुर खादर की ओर भागे। खादर मोड़ पर उमेर मस्जिद के पास उन्होंने एक जूस कॉर्नर में टक्कर मार दी। वहां एक राहगीर जख्मी हो गया। इसके बाद वे कार छोड़कर भाग निकले। जांच में पता चला कि आरोपी युवक कुलदीप का जन्मदिन मना रहे थे। कुलदीप अपने कजिन अमित से बीएमडब्ल्यू मांगकर लाया था।