कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए दिल्ली सरकार अभियान चला रही है। इसके तहत दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को पटपड़गंज के शांति मार्ग वेस्ट विनोद नगर और नरवाना रोड में स्थानीय नागरिकों, फल विक्रेताओं और दुकानदारों को मास्क वितरित किए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी एक बार फिर बढ़ रही है। लोगों को इससे एकजुट होकर लड़ना है।
पत्रकारों से बात करते हुए सिसोदिया ने कहा कि वह सभी लोगों से अपील है करते हैं कि कोविड से बचाव के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जो लोग लापरवाही बरत रहे हैं, उनके खिलाफ सख्ती की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूला जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली सरकार ने कोरोना के इलाज के लिए सभी जरूरी मेडिकल व्यवस्था कर रखी है। लेकिन जरूरी है कि लोग अपना बचाव भी करे। जब तक कोरोना की कोई भरोसेमंद वैक्सीन नहीं आता, तब तक मास्क लगाने और शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करना ही प्रमुख उपाय है।