संसद में आंबेडकर पर गृह मंत्री की तरफ से की गई टिप्पणी पर आप ने बृहस्पतिवार को पूरी दिल्ली में भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। मनीष सिसोदिया ने कहा कि जिन्हें आंबेडकर का नाम और उनके विचार चुभते हैं, वे इस देश को छोड़ सकते हैं। आप के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि केवल हम ही नहीं, देश का कोई भी व्यक्ति आंबेडकर का अपमान नहीं सहेगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर के अपमान का आरोप लगाते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भी नारेबाजी की और माफी मांगने की मांग की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि देश चाहता है कि कांग्रेस नेता विशेषकर राहुल गांधी माफी मांगे। प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा व जनजाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के चारों दिशाओं में रोष प्रदर्शन कर कांग्रेस नेताओं से बाबा साहब के अपमान के लिए माफी की मांगने की मांग की।
सांसद योगेंद्र चांदोलिया के नेतृत्व में पार्टी आरक्षित विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग स्थित जंतर मंतर चौक पर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सीएल मीणा भी शरीक हुए। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के समीप दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र गोठवाल के नेतृत्व प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि कांग्रेस आज संविधान और बाबा साहब के नाम की कसम उठा रही है। इसी कांग्रेस ने बाबा साहब को भारत रत्न नहीं दिया। वह भी भाजपा के समर्थन से 1990 में बनी गठबंधन सरकार ने दिया।
दिल्ली भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रभारी करम सिंह कर्मा, मंत्री सोना कुमारी के नेतृत्व में प्रेस क्लब के समीप प्रदर्शन किया गया। पुरानी दिल्ली के लाल किला चौक पर दिल्ली भाजपा उपाध्यक्ष सुनीता कांगड़ा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और दलित समाज के प्रति नफरत फैलाने वाले के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया।
प्रदेश कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अंबेडकर पर बयान के विरोध में भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने गृहमंत्री के इस्तीफे और प्रधानमंत्री से माफी की मांग की। उन्होंने अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी भी की। उनके बयान को दलित विरोधी करार दिया।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने देश को संविधान और करोड़ों वंचितों को सम्मान दिया। उनके खिलाफ भाजपा की बयानबाजी देश बर्दाश्त नहीं करेगा। आरोप लगाया कि अमित शाह का बयान भाजपा की मनुवादी सोच और संविधान बदलने की मंशा का परिचायक है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर का अपमान पूरे देश का अपमान है। कांग्रेस संविधान की रक्षा और जनता के अधिकारों के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में हर मोर्चे पर लड़ाई जारी रखेगी।
उन्होंने भाजपा पर जातिवादी और विभाजनकारी राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान बदलने की भाजपा और आरएसएस की सोच को देश बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शन में कांग्रेस के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन, सह प्रभारी दानिश अबरार, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, दिल्ली युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह सहित कई प्रमुख नेता शामिल हुए।