दोपहर करीब करीब 12.00 बजे महिला अपने पोते से घर जाकर खाना बनाने की बात कर चली गई। इस बीच दोपहर करीब 2.00 बजे बुजुर्ग का बेटा घर पहुंचा तो उसके होश उड़ गए। मां नग्न अवस्था में खून से लथपथ पड़ी थी। कमरे में चारों ओर खून ही खून बिखरा हुआ था। बेटे ने शोर मचा दिया, इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। हत्या की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने महिला का दरांती से गला रेतने के बाद चाकू से उसक पेट और छाती पर ताबड़तोड़ वार किए हुए थे।
महिला का पूरा पेट फाड़ने के साथ आरोपी ने उसके पैरों पर भी दरांती से वारकर उनको काटने का प्रयास किया था। हालात को देखकर मौके पर क्राइम टीम के अलावा एफएसएल को भी बुलाया गया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलबीएस की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने छानबीन के चंद ही घंटों बाद आरोपी को दल्लूपुरा गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता चला है कि वारदात के समय आरोपी नशे में था। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर सोमवार को शव परिवार के हवाले कर दिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
1.10 से 1.30 बजे के बीच हुई हत्या, सीसीटीवी की मदद से पकड़ा गया आरोपी
हत्याकांड का पता चलते ही पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन कर दिया। एक टीम ने घर के आसपास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो एक युवक महिला के घर में घुसता हुआ और निकलता हुआ दिखाई दिया। दोपहर करीब 1.10 बजे आरोपी महिला के घर में दाखिल हुआ। इसके बाद करीब 20 मिनट बाद 1.30 बजे वह खून से लथपथ निकलता हुआ दिखा। तीन से चार जगह आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ। जांच के बाद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार की टीम ने छानबीन के बाद चंद ही घंटों में आरोपी विपिन को गिरफ़्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात को कबूल कर लिया है। आरोपी ने इतनी बेरहमी से महिला की हत्या क्यों की, पुलिस उससे पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है।
महिला के बेटे को अब जान का खतरा, दबंग है आरोपी परिवार
दल्लूपुरा गांव में ज्यादातर लोगों का प्रमुख कार्य किराए पर प्रॉपर्टी देने का है। ज्यादातर परिवार दबंग हैं। महिला के बेटे ने बताया कि वह अपनी मां के साथ पिछले करीब 20 साल से दल्लूपुरा गांव में मकान बदल-बदल कर रह रहा था। विपिन का परिवार काफी दबंग है। हत्याकांड के बाद से ही गांव के कुछ लोगों ने उस पर केस वापस लेने का दबाव बना दिया है। दबी जुबान में बेटे ने यहां तक कहा कि कुछ लोगों ने उससे यहां तक भी कहा है कि यदि वह गांव वालों का सपोर्ट नहीं करेगा तो उसके लिए अच्छा नहीं होगा। गांव के बाकी लोग भी विपिन का ही समर्थन कर रहे हैं। अब महिला के बेटे को अपनी और परिवार की जान की चिंता सता रही है। पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।
नशे की आदत और गलत हरकतों की वजह से आरोपी की पत्नी भी छोड़कर चली गई
पुलिस के मुताबिक आरोपी विपिन परिवार के साथ दल्लूपुरा में रहता है। इसके परिवार में पिता नवल सिंह व अन्य सदस्य हैं। मोटा किराया आने के अलावा विपिन दूध की डेयरी भी चलाता है। गांव के ही एक शख्स ने बताया कि विपिन को नशा करने के अलावा और दूसरे शौक भी हैं। विपिन की मृतक महिला के घर के पास ही डेयरी है। विपिन की गलत हरकतों की वजह से उसकी पत्नी भी करीब एक साल पूर्व उसे छोड़कर चली गई है। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में आरोपी महिला के घर में घुसा और उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सीसीटीवी की जांच की तो विपिन घबराया हुआ महिला के घर से निकलकर जाता हुआ दिखा था।