पुलिस के स्पेशल स्टॉफ द्वारा पकड़े गए सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो डालने वाले आरोपी प्रतीक छाबड़ा और निखिल चौहान
- फोटो : अमर उजाला
सोशल नेटवर्किंग साइट पर हथियार लहराते हुए फोटो और जन्मदिन की पार्टी में पिस्टल से केक काटने का वीडियो डालने वाले दो बदमाशों चंदर नगर निवासी प्रतीक छाबड़ा (31) और कैलाशपुरी निवासी निखिल चौहान (20) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनसे दो पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए गए हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त देवेंद्र आर्या ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम को सोशल नेटवर्किंग साइट पर हथियार लहराते हुए बदमाशों का फोटो मिला। बाद में एक वीडियो दिखा, जिसमें बदमाश पिस्टल से केक काटकर उसी पर रखकर बांटता हुआ दिखा।
एक सूचना के बाद सागरपुर स्थित नागर वन पार्क के पास निरीक्षक दिनेश कुमार की टीम ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। प्रतीक छाबड़ा ने कबूला कि वह जगतपुरी थाने का घोषित बदमाश है और उस पर 7 केस हैं।
aहाल ही में उसने अपने जन्मदिन की पार्टी में पिस्टल से केक काटा था और उसका वीडियो सोशल साइट पर डालकर अपने विरोधियों को धमकी दी थी। उन्होंने कई सोशल नेटवर्किंग साइट पर हथियारों के साथ अपने फोटोग्राफ डाले थे। प्रतीक कई मामले में भगोड़ा करार है। उस पर गैंबलिंग एक्ट, दुष्कर्म, उगाही और धमकाने के केस हैं।