निजामुद्दीन में कोरोना का कहर(फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने निजामुद्दीन स्थित मरकज में आयोजित तब्लीगी जमात मामले में अब जमात के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सिर्फ यही नहीं क्राइम ब्रांच ने 1890 विदेशी नागिरकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया है।
बीते सोमवार को मरकज को भेजा था दूसरा नोटिस
निजामुद्दीन मकरज में मौलाना साद को क्राइम ब्रांच ने उसके वकील के माध्यम से बीते सोमवार को दोबारा नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया था। नोटिस में मौलाना से मकरज से जुड़े पदाधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी। नोटिस के जवाब में मौलाना ने सभी पदाधिकारियों के सेल्फ आइसोलेशन में होने की जानकारी दी। इस जवाब के बाद क्राइम ब्रांच की टीम सभी पदाधिकारियों के दर्ज पते का सत्यापन कराएगी। पुलिस को आशंका है कि सभी पदाधिकारी अपने घरों पर न होकर कहीं अज्ञात स्थान पर भूमिगत हो गए हैं।
किसी भी तरह के आयोजन पर दिल्ली में रोक होने के बावजूद निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात का आयोजन करने वाले मौलाना साद का अबतक कुछ पता नहीं लग पाया है। क्राइम ब्रांच ने मौलाना को पहले जारी किए हुए नोटिस में 26 सवाल पूछे थे। जिसके जवाब में मौलाना ने खुद के सेल्फ आइसोलेशन में होने की जानकारी दी। मौलाना ने मरकज खुलने के बाद बाकी के सवालों के जवाब देने के लिए कहा था।
मौलाना के इस जवाब के बाद क्राइम ब्रांच ने उसे दूसरा नोटिस जारी कर मरकज से जुड़े पदाधिकारियों की जानकारी मांगी। नोटिस के जवाब में मौलाना की ओर से सभी पदाधिकारियों के सेल्फ आइसोलेशन में होने की जानकारी दी।