करोलबाग इलाके में एक कुरियर कंपनी के मालिक ने अपने नौकर पर आठ लाख रुपये की चोरी करने का आरोप लगाया है। मालिक ने थाने में इस बाबत शिकायत दी है। उसकी शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर आरोपी नौकर की तलाश शुरू कर दी है।
सदर बाजार निवासी सफी अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करोलबाग के बीडनपुरा में उसके भाई सफीर अहमद का कुरियर कंपनी है। जहां वह भाई के साथ काम करता है। कुरियर कंपनी में आजादपुर निवासी किशन पिछले तीन माह से बतौर नौकर काम कर रहा था। वह सुबह में कार्यालय खोलता था और रात में बंद करता था।
छह जून को सफी अहमद सुबह कार्यालय आया। किशन भी सुबह काम पर आ गया था। करीब तीन बजे सफी किसी काम से कार्यालय से बाहर गया था। वह रात करीब आठ बजे कार्यालय पहुंचा। कार्यालय में ताला बंद मिला।
सफी ने किशन को फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। सफी ने अपने पास मौजूद एक अन्य चाबी के जरिए ताला खोला। उसने देखा कि कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे का कनेक्शन बंद है। शक होने पर उसने कार्यालय की जांच की, जिसमें पता चला कि दराज में रखा हुआ बैग गायब है। जिसमें आठ लाख रुपये के अलावा ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे।
सफी ने घटना की जानकारी अपने भाई को दी और अपने स्तर पर सफी अहमद और उसके भाई ने नौकर किशन की तलाश शुरू की। किशन अपने घर पर भी नहीं मिला। काफी तलाश करने के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो अगले दिन करोलबाग थाने में नौकर के खिलाफ चोरी की शिकायत दे दी। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।