दिल्ली में डेढ़ महीने बाद कोरोना वायरस के सबसे कम मरीज सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में तीन हजार से कम मरीज मिले हैं। इससे पहले 26 अक्टूबर को तीन हजार से कम मरीज मिले थे। हालांकि तब संक्रमण दर भी पांच फीसदी से ज्यादा थी लेकिन अब यह चार फीसदी से भी कम दर्ज हुई है।
रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 24 घंटों में 73,536 सैंपल की जांच में 3.68 फीसदी कोरोना संक्रमित बताए हैं। 2706 नए मामलों के साथ दिल्ली में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 592250 हो गए हैं। इनमें से 4622 मरीजों को छुट्टी दी गई, जबकि 69 मरीजों ने कोरोना के कारण दम तोड़ दिया। दिल्ली में अभी तक 557914 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं, जबकि 9643 मरीजों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में कोरोना से मृत्युदर 1.63 फीसदी है।
विभाग के अनुसार दिल्ली में कोरोना के सक्रिय केस 24693 हैं। इनमें से दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में 6145 मरीज भर्ती है। वहीं कोविड केयर सेंटर में 429 और कोविड मेडिकल सेंटर में 137 मरीज हैं। होम आइसोलेशन में 15276 मरीज हैं। वहीं, वंदेभारत मिशन के तहत आए मरीज 574 बेड पर हैं। बीते शनिवार को आरटीपीसीआर से 32023 और रैपिड एंटीजन के माध्यम से 41513 जांच हुईं। विभाग के अनुसार दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 6173 हो गई है।