सुनंदा पुष्कर मौत मामले की जांच कर रहा एक अधिकारी बड़े मामले में फंस गया है। उस पर आरोप हैं कि उसने एक शख्स को आत्महत्या के लिए उकसाया है। आरोपी जांच अधिकारी का नाम वीकेपीएस यादव है।
दरअसल दिल्ली के कोटला मुबारकपुर इलाके में शुक्रवार को एक युवक ने आत्महत्या कर ली और उसे उकसाने का आरोप वीकेपीएस यादव पर लगा है। यादव कोटला मुबारकपुर के एसएचओ हैं। आरोप है कि युवक ने आत्महत्या से पहले घर की दीवार पर लिखा था, 'एसएचओ वीकेपीएस यादव ने केस बनाया, मेरी मौत का जिम्मेदार वही है।'
गौरतलब है कि बीती रात करीब 9 बजे पुलिस को जानकारी मिली कि कोटला मुबारकपुर इलाके में रहने वाले 26 साल के सुदीप ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस केस की जांच का जिम्मा एक दूसरे अधिकारी को दी गई है।
मौका-ए-वारदात का जायजा लेने के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाया और कमरे से तमाम सबूत इकट्ठा किए। दीवार की लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी।