दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरुल इस्लाम खान
- फोटो : Social Media
दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरुल इस्लाम खान की एक फेसबुक पोस्ट पर विवाद खड़ा हो गया है। पोस्ट में जफरुल ने लिखा है कि जिस दिन मुसलमानों ने अरब देशों से अपने खिलाफ जुल्म की शिकायत कर दी, सैलाब आ जाएगा। भाजपा ने इसका विरोध करते हुए उनसे इस्तीफा मांगा है। वहीं, हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस से इसकी शिकायत की है। दूसरी ओर, जफरुल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उन्होंने मुल्क के बाहर कभी मुल्क के खिलाफ काम नहीं किया है।
जफरुल इस्लाम ने मंगलवार को अपनी लंबी फेसबुक पोस्ट में लिखा है कि भारतीय मुस्लिमों के साथ खड़े होने के लिए धन्यवाद कुवैत। हिंदुत्व विचारधारा के लोग सोचते हैं कि कारोबारी हितों की वजह से अरब देश भारत के मुस्लिमों की सुरक्षा की चिंता नहीं करेंगे। वे भूल गए कि भारतीय मुसलिमों के अरब और मुस्लिम देशों से कैसे रिश्ते हैं। जिस दिन मुसलमानों ने अरब देशों से अपने खिलाफ जुल्म की शिकायत कर दी, सैलाब आ जाएगा।
इस पोस्ट के बाद विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने जफरुल इस्लाम के इस्तीफे की मांग की है। वहीं, हिंदू सेना ने दिल्ली पुलिस से मांग की है कि जफरुल इस्लाम के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। उधर, विवाद खड़ा होने पर जफरुल इस्लाम ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी देश के खिलाफ जाकर नहीं बोला है। हिंदुत्व का मतलब कुछ लोग भारत से जोड़ रहे हैं। यह गलत है। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
केजरीवाल से जफरुल को पद से हटाने की मांग
प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष जफरुल इस्लाम खान को पद से हटाने की मांग की है। पार्टी ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर कानूनी कारवाई की भी मांग उठाई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि राष्ट्रविरोधी टिप्पणी करने वाले जफरुल इस्लाम को एक मिनट भी पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को तत्काल प्रभाव से उन्हें हटाना चाहिए। उनका पोस्ट धार्मिक विद्वेष बढ़ाता है और देश की छवि खराब करता है।
खान भारतीय लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के लिए खतरा हैं। इस फेसबुक पोस्ट से वह सांप्रदायिक हिंसा भड़का रहे हैं और इसलिए उन्हें पद से बर्खास्त किया जाना चाहिए। प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव को ई-मेल लिखकर खान की फेसबुक पोस्ट की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पोस्ट में खान ने सभी बहुसंख्यकों को कट्टरपंथी व नफरत फैलाने वालों के साथ ही हत्यारा भी कहा है।