कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रहे दिल्ली पुलिस के जवान भी लगातार संक्रमित हो रहे हैं। हाल ही में तिलक नगर थाने के एक सिपाही की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वह पुलिस चौकी तिलक विहार में तैनात है। एहतियात के तौर पर पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को क्वारंटीन कर दिया गया है और सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि कुछ समय पूर्व चौकी के पास 80 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से मौत हुई थी। इसके अलावा चौकी का स्टाफ केशोपुर सब्जी मंडी में भी जाता था। माना जा रहा है कि शायद वहीं से किसी के संपर्क में आने की वजह से सिपाही को संक्रमण लगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को डीडीयू अस्पताल की डिस्पेंसरी में 45 लोगों ने कोरोना संक्रमण की जांच कराई थी। सिपाही ने भी वहीं पर अपनी जांच कराई तो शनिवार शाम को उसके कोरोना संक्रमित होने का पता चला।
मामले का पता चलते ही हड़कंप मच गया। चौकी पर तैनात चार महिला पुलिसकर्मियों समेत सभी 16 पुलिसकर्मियों को क्वारंटीन कर दिया गया। संक्रमित सिपाही शनिवार को ही तिलक नगर थाने भी गया था। सिपाही के संक्रमित होने की सूचना के बाद से थाने में भी अफरातफरी का माहौल है।