दिल्ली कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय माकन
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस ने दिल्ली सरकार को रेहड़ी-पटरी वालों को रेहड़ी पटरी सुरक्षा कानून-2014 के अंतर्गत दिए गए अधिकारों से वंचित करने पर आड़े हाथ लिया है। कांग्रेस ने रेहड़ी-पटरी वालों को उनका हक दिलाने के लिए ‘मेरा हक, ऐत्थे रख’ नाम से अभियान शुरू करने की घोषणा की है। प्रदेशाध्यक्ष अजय माकन ने आरोप लगाया कि सरकार की शह पर अधिकारी इन लोगों को लूट रहे हैं।
एक संवाददाता सम्मेलन में माकन ने कहा कि कांग्रेस रेहड़ी-पटरी वालों को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरकर दिल्ली सरकार, एनडीएमसी और दिल्ली नगर निगम के खिलाफ लड़ाई लड़ेगी। न्यायालय की भी शरण ली जाएगी। अजय माकन ने कहा कि रेहड़ी-पटरी सुरक्षा कानून पूरे देश में लागू हो गया है, परंतु दिल्ली सरकार ने अब तक इसे पूरी तरह लागू नहीं किया है।
माकन ने कहा कि रेहड़ी-पटरी सुरक्षा कानून में टाउन वेंडिंग कमेटी में रेहड़ी-पटरी वालों या उनके चुने हुए नुमाइंदों व उनके लिए लड़ने वाले एनजीओ को रखने का प्रावधान है। इसके तहत अब तक दिल्ली में सभी टाउन वेंडिंग कमेटियां बन जानी चाहिए थीं और सर्वे पूरा होकर रेहड़ी-पटरी वालों के लिए टाउन वेंडिंग जोन भी चिन्हित हो जाने चाहिए थे, ताकि विभिन्न सरकारी संस्थाएं उनको परेशान न करें। दिल्ली सरकार अदालत के आदेश का उल्लंघन कर अपनी मर्जी से काम कर रही है और सर्वे के नाम पर इन गरीब लोगों से उगाही की जा रही है।
इस दौरान माकन के अलावा अखिल भारतीय असंगठित कामगार कांग्रेस के सचिव अरविंद सिंह, वरिष्ठ नेता चतर सिंह, दिल्ली-रेहडी पटरी कांग्रेस के अध्यक्ष अनुराग शंकर, दिल्ली कांग्रेस की प्रवक्ता पूजा बाहरी, मुख्य मीडिया कोआर्डिनेटर मेहंदी माजिद भी मौजूद थे।