विवाह बंधन में बंधने को तैयार जोड़े सोमवार तक अपनी शादियों को लेकर बेहद उत्साहित थे, लेकिन कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार द्वारा लिए गए नाइट कर्फ्यू के फैसले के बाद अब इस महीने होने वाली तमाम शादियों को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। लोगों को समझ में नहीं आ रहा है कि नाइट कर्फ्यू में आखिर वह बरात लेकर कैसे जाएंगे।
दिल्ली सरकार ने मंगलवार को फैसला दिया है कि 30 अप्रैल तक रात में 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। सरकार के इस फैसले के बाद शादी की तैयारियां कर चुके हो लोग अब दिन में शादी करने की योजना बना रहे हैं। पारस चुघ और अभिषेक ने बताया कि 28 अप्रैल को उनकी शादी तय थी।
अब दिल्ली में नाइट कर्फ्यू लग जाने के बाद वह वेडिंग प्लानर से बातचीत कर रहे हैं, वह अब गुरुग्राम और नोएडा में शादी करने की योजना बना रहे हैं। इसके अलावा वह दिन में भी शादी करने को तैयार हैं।
दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया है कि नाइट कर्फ्यू के दौरान दूल्हा, दुल्हन और उनके परिवार के सदस्यों के लिए कर्फ्यू पास का प्रावधान किया गया है, लेकिन दूर के रिश्तेदारों के लिए इसमें कोई जिक्र नहीं किया गया है।