दिल्ली में रातभर हुई भारी बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को कम से कम 14 वर्षों में अगस्त का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया और अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 7.8 डिग्री कम है। 2012 में अगस्त में 27.9 डिग्री अधिकतम तापमान रहा था।
जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक लगातार 10 घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। इससे सड़कों पर पानी भरने से घंटों जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, दिल्ली के जैतपुर में दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। भारी बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 300 से अधिक उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि सुबह सवा नौ बजे जैतपुर स्थित मोहन बाबा मंदिर के पास समाधि स्थल की दीवार गिरने से तीन पुरुषों, दो महिलाओं और दो छोटी बच्चियों की मौत हो गई। वहीं, सफदरजंग के ट्रामा सेंटर में भर्ती हसीबुल (27) की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि गांव के पूर्व प्रधान और उनकी पत्नी की समाधि मिट्टी भरकर बनवाई गई थी। इससे खाली प्लॉट में दीवार 10 फीट ऊंची हो गई थी। इसी दीवार से लगकर झुग्गियां बनी हुई हैं, जिनमें प. बंगाल और असम के लोग रहते हैं। बारिश से करीब 90 फीट लंबी दीवार का एक हिस्सा छह झुग्गियों पर गिर गया। इस मामले में लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार सुबह 8:30 बजे तक सफदरजंग में 78.7 मिमी और प्रगति मैदान में 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से दिल्ली में उफनाई यमुना का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वजीराबाद और हथनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से तेजी से पानी बढ़ रहा है।
मेट्रो की गोल्डन लाइन के निर्माणाधीन स्थल के पास सड़क धंसी
वसंत कुंज स्थित मसूदपुर फ्लाईओवर के पास शनिवार को दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन के निर्माणाधीन स्थल पर सड़क का एक हिस्सा धंस गया। यह हादसा डीएमआरसी के निर्माणाधीन स्थल पर दीवार गिरने के बाद हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, घटना डी-6 इलाके के पास हुई। ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि फोर्टिस अस्पताल से महिपालपुर जाने वाली सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
यात्रियों को अरुणा आसफ अली मार्ग से जाने की सलाह दी गई है। यह धंसाव फुटपाथ के पास लगभग 10 से 15 मीटर क्षेत्र में हुआ जो मेट्रो के खुदाई कार्य वाले हिस्से के पास था। डीएमआरसी ने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी व्यक्ति या सामग्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
मसूदपुर फ्लाईओवर के नीचे फुटपाथ के पास वाली सड़क पर एहतियातन बैरिकेड लगा दिया गया है। साथ ही बहाली का काम तुरंत शुरू कर दिया गया है। डीएमआरसी ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर यातायात को सुचारू रूप से मोड़ने की व्यवस्था की है ताकि इलाके के निवासियों और राहगीरों को परेशानी न हो। ब्यूरो