फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CCTV प्रोजेक्ट पर सियासी जंग तेज, सीएम केजरीवाल ने पीएम को लिखा लेटर, कहा- एलजी की नीयत खराब है

Sat, 12 May 2018 09:37 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

दिल्ली सरकार के सीसीटीवी प्रोजेक्ट पर सियासी जंग तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। उपराज्यपाल अनिल बैजल की शिकायत करते हुए केजरीवाल ने पत्र में गुजारिश की है कि दिल्लीवालों की सुरक्षा पुख्ता करने के लिए जल्द से जल्द इससे जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराएं। पत्र में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मुलाकात का वक्त भी मांगा है।

विज्ञापन


प्रधानमंत्री को भेजे दो पेज के खत में मुख्यमंत्री ने उपराज्यपाल पर निशाना साधा है। उन्होंने छह बार आपके शब्द का इस्तेमाल किया है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल ने सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया समेत दूसरी कई अहम योजनाओं में अड़ंगा लगाया है। केजरीवाल ने लिखा है कि बच्चियों से बलात्कार करने वालों को फांसी की सजा देने का प्रावधान व्यवस्था दुरुस्त होने तक कागजी साबित होगा। दिल्ली सरकार सुरक्षा पुख्ता करने के लिए पूरी दिल्ली में सीसीटीवी लगवाने का काम शुरू करने वाली थी।

सारी प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी। बजट भी पास हो गया था। सारी आपत्तियों को दूर करने व कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद टेंडर हो गए थे। इसका ठेका केंद्र सरकार की कंपनी बीईएल को दिया गया। केजरीवाल ने कहा कि अचानक आपके उपराज्यपाल ने बीच में आकर रोड़ा अटका दिया। 
विज्ञापन

 

विज्ञापन

बगैर दिल्ली सरकार को बताए सीसीटीवी कैमरों पर एक समिति बना दी। केजरीवाल ने सवाल किया कि जब सारा काम हो चुका था, कैमरे लगने वाले थे, जनता बेसब्री से इसका इंतजार कर रही थी तो अब ये समिति क्यों बनाई? समिति आखिर क्या करेगी? समिति बनानी ही थी तो हमसे बात करके बना लेते। हमारी पीठ पीछे, हमें बिना बताए समिति बनाई।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इससे साफ है कि आपके एलजी की नीयत खराब है। इस समिति का एक ही मकसद है, किसी भी कीमत पर अड़चनें लगाकर सीसीटीवी कैमरे लगाने से रोको। पत्र में केजरीवाल ने एलजी पर मोहल्ला क्लीनिक की फाइल रोकने, शिक्षा क्षेत्र में होने वाले सुधारों में अड़चन लगाने, शिक्षा सलाहकार आतिशी मरलेना को हटाने की बात कही है।

केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में हर अच्छे काम में उपराज्यपाल रोड़े अटका रहे हैं। लोगों में चर्चा है कि वह यह सब केंद्र के इशारे पर कर रहे हैं। लोग मानते हैं कि केंद्र सरकार नहीं चाहती की दिल्ली सरकार अच्छा काम कर सके। आखिर में केजरीवाल ने गुजारिश की है कि प्रधानमंत्री उपराज्पाल को तुरंत आदेश दें कि वे दिल्ली में सीसीटीवी कैमरे लगने दें।

यह महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित है। उन्होंने प्रधानमंत्री का याद दिलाया है कि लंदन में उन्होंने कहा था कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ राजनीति नहीं होनी चाहिए। केजरीवाल का आरोप है कि उपराज्यपाल दिल्ली में महिला सुरक्षा पर राजनीति कर रहे हैं। केजरीवाल ने अपनी बात रखने के लिए प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांगा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें