पार्टी मुख्यालय में हुई प्रेस वार्ता में सिसोदिया ने कहा कि 22 दिसंबर को रामलीला मैदान में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धन्यवाद रैली का आयोजन किया तब भी हमने कहा था कि वास्तव में यह धन्यवाद रैली नहीं बल्कि धोखा रैली है।
आप ने किया विकास
मनीष सिसोदिया ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों में मुख्य रूप से दो कार्य होने थे। पहला कॉलोनियों को पक्का करने का और दूसरा कालोनियों में विकास का। कॉलोनियों को पक्का करने का काम केंद्र सरकार का था और विकास करने का काम दिल्ली सरकार का था। केंद्र सरकार ने केवल पोस्टर और बैनरों में काम किया। सच्चाई यह है कि अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने का केंद्र सरकार का कोई प्लान ही नहीं है।
पुरी को धन्यवाद
सिसोदिया ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का भी धन्यवाद किया। कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले दिल्ली की जनता के सामने भाजपा का झूठ बेनकाब कर दिया। 14 दिन बीत चुके हैं, भाजपा ने दिल्ली में 14000 होर्डिंग्स तो लगा दिए, परंतु एक भी आवेदन पक्की रजिस्ट्री का नहीं लिया गया है। वेबसाइट पर कुछ भी पता लिख दिया जाए, किसी नियमित कॉलोनी का पता भी लिख दिया जाए तो भी आपके पास एक वेबसाइट रजिस्ट्रेशन नंबर आ जाता है।