एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में करीब 40 हजार कुर्सियां लगवाई जा रही हैं। इससे लोगों के खड़े होने के लिए भी पर्याप्त जगह बचेगी। वहीं, भीड़ को संभालने के लिए मंच स्थल से दूर व रामलीला मैदान के चारों तरफ बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी। इस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। इससे मंच के नजदीक तक न पहुंच पाने वालों को आयोजन देखने में सहूलियत होगी।
अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत उनकी पूरी कैबिनेट मंच के पिछले इंट्री गेट से रामलीला मैदान में प्रवेश करेगी। वहीं, मीडिया व अधिकारी रामलीला मैदान की लाल बत्ती के नजदीक के गेट से अंदर जाएंगे। बाकी गेट से आम लोग प्रवेश कर सकेंगे। दिल्ली पुलिस व अर्द्धसैनिक बल के जवानों के साथ आप कार्यकर्ता लोगों के गाइड के तौर पर काम करेंगे। मैदान के किसी हिस्से में भीड़ बढ़ने से उनका प्रबंधन कार्यकर्ता करेंगे।
सोशल मीडिया पर रहेगा लाइव
शपथ ग्रहण समारोह का यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण होगा। यह अरविंद केजरीवाल समेत आप के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर भी लाइव होगा। इससे देश-विदेश मैं फैले आप कार्यकर्ता भी शपथ ग्रहण समारोह देख सकेंगे।