केंद्र सरकार दिल्ली के विकास में बाधा साबित हो रही है। केंद्र की मोदी सरकार दिल्ली की कच्ची कॉलोनियों को तोड़ना चाहती है। हमारी सरकार कच्ची कॉलोनियों में विकास का काम करती रहेगी। बृहस्पतिवार को विकासपुरी में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह बातें कहीं। उन्होंने सीवर लाइन का उद्घाटन किया।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हमारी सरकार बनने के तीन महीने के बाद ही कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी तक प्रस्ताव पास नहीं किया। इतना ही नहीं दिन-रात मेहनत कर कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने का प्रस्ताव बनाने वाले दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया।
सत्येंद्र जैन एक साल पहले मेरे पास एक प्रस्ताव लाए और कहा कि कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने में वक्त लग रहा है, लेकिन तब तक हम सभी कच्ची कॉलोनियों में विकास कर देते हैं। जैन सभी कॉलोनियों में सड़कें, नालियां, सीवर और पानी देने का प्रस्ताव लेकर आए।
यह 3,500 करोड़ रुपये का प्रस्ताव था, जिसे हमने पास कर दिया। अब दिल्ली की सभी कच्ची कॉलोनियों में एक साथ काम होने के टेंडर हो रहे हैं। एक साल के अंदर ये काम शुरू हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ कच्ची कॉलोनियों को पक्का करने पर ही फर्जी केस बना दिया गया। अब सवाल यह है कि मोदी जी कच्ची कॉलोनियों को पक्का क्यों नहीं होने देना चाहते। प्रधानमंत्री लंदन, जापान, पेरिस, अमेरिका, कनाडा घूम रहे हैं, लेकिन कच्ची कॉलोनियों के विकास के लिए उनके पास वक्त नहीं है।