दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस की जांच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक पहुंच गई है। अब दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से 18 मई को पूछताछ करेगी।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में दिल्ली के मुख्यमंत्री को कानूनी नोटिस भेज दिया है। इससे पहले पुलिस केजरीवाल के पीएसओ, ऑपरेटर व ड्राइवर से पूछताछ कर चुकी है। कहा जा रहा है कि केजरीवाल से पूछताछ के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस बैठक में शामिल आम आदमी पार्टी के सभी 11 विधायकों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें से दो विधायक प्रकाश जरवाल व अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया गया था। बैठक में मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार वीके जैन से पहले ही पूछताछ हो चुकी है।