19 फरवरी की रात को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास पर दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ हुई मारपीट के मामले में आप विधायक नरेश बाल्यान के आपत्तिजनक बयान के बाद विपक्ष ही नहीं उनकी पार्टी के नेता भी उनकी निंदा कर रहे हैं।
गौरतलब है कि नरेश बाल्यान शुक्रवार को केजरीवाल की मौजूदगी में एक रैली में कहा था कि, 'जो चीफ सेक्रेटरी के साथ हुआ, जो इन्होंने झूठा आरोप लगाया, मैं तो कह रहा हूं ऐसे अधिकारियों को मारना चाहिए, ठोकना चाहिए। जो आम आदमी के काम को रोक कर बैठे हैं, ऐसे अधिकारियों के साथ यही सलूक होना चाहिए।'
अब आप के विधायक के इस बयान की निंदा करते हुए दिल्ली सरकार के मंत्री राजेंद्र गौतम ने अधिकारियों का सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए आवाह्न किया है। राजेंद्र गौतम ने नरेश बाल्यान के बयान पर कहा कि हमारी पूरी सरकार नरेश बाल्यान के बाल्यान के बयान की निंदा करती है। उन्होंने कहा ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया जाना चाहिए। हिंसा की कोई जगह नहीं है।
राजेंद्र गौतम ने ये भी बताया कि कल अधिकारियों की ज्वाइंट कमेटी की बैठक में भी अधिकारियों से बातचीत करने का संदेश भेजा गया था। हम अपनी तरफ़ से पहल कर रहे हैं, एलजी साहब से भी हमने कहा कि हम इनसे बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन अधिकारी भी कई फ़ाइलों पर बैठे हुए हैं। जनता का काम तो करना पड़ेगा।