दिल्ली के स्वरूप नगर में रविवार देर रात बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े दो ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो और कार के परखच्चे उड़ गए। घटना के समय सवारियों का इंतजार कर रहे चार ऑटो चालक घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया। गंभीर हालत होने की वजह से दो चालकों को लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां रविवार सुबह दोनों ने दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। वह अपने पांच दोस्तों के साथ मुरथल में पार्टी कर लौट रहा था। चश्मदीदों के मुताबिक, घटना के समय कार की रफ्तार 120 किमी प्रतिघंटे की रही होगी और उसमें सवार छह युवक नशे की हालत में थे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने युवकों के नशे में होने की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की शिनाख्त गली नंबर-एक, जे ब्लॉक, खड्डा कॉलोनी निवासी जयकिशन (36) और संजय (40) के रूप में हुई हैै। घायल चालकों की पहचान जितेंद्र व रिंकू के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने जयकिशन और संजय के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
कार चालक की पहचान पालम के भैरों एंक्लेव निवासी मनीष (23) के रूप में हुई है। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। साथ ही निजी कंपनी में भी काम करता है। चालक के खिलाफ पुलिस लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि सिंघू बॉर्डर से स्वरूप नगर आने के दौरान खाली रास्ते पर मोहित ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और बाद में नियंत्रण नहीं रख सका। चश्मदीदों का आरोप है कि कार में सवार सभी युवक नशे में थे और उनकी कार में शराब की बोतलें भी थीं।