समयपुर बादली इलाके में सर्विस स्टेशन पर खड़ी बस के अचानक चल पड़ने से नीचे खड़ा चालक उसकी चपेट आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि घटना 21 जून की है। घटनास्थल पर पुलिस ने छानबीन की। शिकायतकर्ता प्रवीण ने पुलिस को बताया कि वह खेराकलां स्थित ओम धर्मकांटा के ट्रक पार्किंग में सर्विस सेंटर चलाता है।
जहां उसका कर्मचारी इमरान गाड़ियों की धुलाई करता है। बस चालक विक्की बस को धुलवाने के लिए वहां आया। इमरान उस समय गाड़ी की धुलाई कर रहा था। उसने उसे बस खड़ी कर देने के लिए कहा। चालक बस खड़ीकर उसकी ओर आने लगा।
इसी दौरान बस अचानक चलने लगी। चालक ने उसे सामने से रोकने की कोशिश की, लेकिन धक्का लगने से वह नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। उसके बाद बस एक अन्य वाहन से टकराकर रुक गई। घायल चालक को लोग पास के अस्पताल में लेकर गए।
वहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी घटना कैद हो गई जिसे शिकायतकर्ता ने पुलिस को सौंप दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।