नई दिल्ली केे रोहिणी इलाके में गुरुवार रात कहासुनी होने पर एक युवक ने अपने दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आस पास के लोगों ने घायल युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर देर रात आरोपी को इलाके से गिरफ्तार कर लिया। शुरूआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक के गाली देने पर वह गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त अजय शर्मा(28) के रूप में हुई है। वह रोहिणी सेक्टर 6 के एक मकान की दूसरी मंजिल पर रहता था। वह एशियन पेंट में बतौर सेल्समैन काम करता था। इसी मकान के भूतल पर आरोपी रोहित रहता था। वह कम्प्यूटर कोर्स कर रहा है। दोनों की दोस्ती थी।
बृहस्पतिवार रात रोहित अजय के कमरे में गया था। जहां उसकी किसी बात पर अजय से कहासुनी होने लगी। आरोपी के मुताबिक इस दौरान अजय उसके साथ गाली गलौज करने लगा। जिससे गुस्से में आकर उसने कमरे में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से उसे डराने लगा।
इसी दौरान चाकू अजय की गर्दन पर लग गया और गला कटने से वह नीचे गिर गया। पुलिस ने अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जांच में जुटी है।