दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों में बम रखे होने की सूचना देने वाले मेल विदेश से किए गए हैं। इसमें रूस के वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) का इस्तेमाल किया गया है। अभी यह पता नहीं चल सका है कि मेल किस देश से की किया गया है। इसको पता करने की तकनीकी प्रक्रिया जटिल होने से अगले दो-तीन दिन में ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि स्कूलों में बम रखे होने की सूचना देने वाले मेल किस देश से किए गए हैं, लेकिन इतना तय है कि मेल भारत से नहीं किए गए हैं। बुधवार तड़के भेजी गई मेल एक ही आईडी से की गई है।
रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों व एयरपोर्ट पर बढ़ाई सुरक्षा
स्कूलों में बम की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। आईजीआई एयरपोर्ट, नई व पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, कश्मीरी गेट व आनंद विहार बस अड्डा, धौला कुआं, कनाट प्लेस, करोल बाग, चांदनी चौक, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर में पुलिस मुस्तैदी बरत रही है।
पुलिस के अनुसार, जिस तरह सिलसिलेवार ढंग से स्कूलों से सूचना मिल रही थी, उससे आशंका थी कि कहीं शरारती तत्व मामला डायवर्ट करने की फिराक में तो नहीं हैं। अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए भीड़ वाली जगहों पर चौकसी बढ़ा दी गई। तमाम जगहों पर अतिरिक्त पुलिस को तैनात कर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। लोगों से भी अपील की गई है कि अगर वे आसपास कुछ भी संदिग्ध वस्तु या कोई व्यक्ति देखें तो पुलिस को तुरंत सूचना दें।