कल्याणपुरी के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में एक नवजात बच्ची ने जन्म लिया। पैदा होते ही उसकी तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टरों ने प्लाज्मा लाने की बात की। बच्ची का परिवार प्लाज्मा लेने में कामयाब हो गया, लेकिन रास्ते में उनकी कार को तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने टक्कर मार दी। हादसे में नवजात बच्ची की बुआ, ताऊ और ताई बुरी तरह जख्मी हो गए और कार में रखी प्लाज्मा की थैली भी फटकर बेकार हो गई।
उधर, समय से प्लाज्मा नहीं मिलने के कारण नवजात ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार कब्जे में लेकर चालक तुर्कमान गेट निवासी शाहजेब शेख (27) को गिरफ्तार कर लिया है। उसका और उसके परिवार का पुरानी कारें खरीदने बेचने का कारोबार है। शाहजेब ने बताया कि वह देर रात कार की ट्रायल लेने निकला था।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित विशाल सिंह (29) ने बताया कि वह परिवार के साथ 19 ब्लॉक, त्रिलोकपुरी इलाके में रहता है और टेंट का कारोबार है। जुलाई 2019 में विशाल की रेशमा से शादी हुई थी। इसी आठ जुलाई को रेशमा ने एलबीएस अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। जन्म के कुछ देर बाद नवजात की तबीयत बिगड़ी को डॉक्टरों ने विशाल से एक यूनिट प्लाज्मा लाने के लिए कहा।
विशाल ने अपने बड़े भाई शक्ति सिंह (36) से नई दिल्ली इलाके में रेडक्रॉस से प्लाज्मा लाने के लिए कहा। शक्ति अपनी पत्नी पुष्पा (31) और बहन शिल्पा (25) के साथ अपनी वैगनआर कार से प्लाज्मा लेने पहुंच गए। प्लाज्मा लेकर जब तीनों कार से अस्पताल लौट रहे थे तो तिलक मार्ग इलाके में भगवान दास रोड पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना जबरदस्त था कि वैगनआर के परखच्चे उड़ गए और शक्ति, पुष्पा और शिल्पा बुरी तरह घायल हो गए। हादसा शनिवार रात करीब 3.30 बजे हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। इस दौरान प्लाज्मा की थैली फट गई और नवजात को समय से प्लाज्मा नहीं मिल सका, जिस कारण नवजात ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर रविवार को आरोपी कार चालक को दबोच लिया।