यमुना सफाई पर आप-भाजपा में तीखा टकराव
छठ पर्व से ठीक पहले आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रधानमंत्री के लिए वासुदेव घाट पर ‘फिल्टर वाटर’ की नकली यमुना तैयार कराई है, ताकि बिहार चुनाव से पहले स्वच्छता का झूठा प्रचार किया जा सके। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सौरभ भारद्वाज के बयान राजनीतिक हताशा का प्रतीक बताया। सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने 2018 से 2024 तक छठ पूजा पर रोक लगाई थी, जबकि रेखा गुप्ता सरकार ने सिर्फ आठ महीने में यमुना घाटों को साफ किया।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली सरकार पर कसा तंज
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन ने कहा कि भाजपा पूर्वांचल समाज को गुमराह करने के लिए हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने का नाटक कर रही है ताकि यमुना का प्रदूषण कम दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब झूठ पर झूठ बोलकर बिहार चुनाव के मद्देनजर छवि सुधारने की कोशिश कर रही है। भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपनी सेहत का पूरा ख्याल है, इसलिए उनके लिए फिल्टर वाटर का घाट बनाया गया है, लेकिन छठव्रती दूषित यमुना में डुबकी लगाने के लिए मजबूर हैं। भाजपा सरकार झाग हटाने के लिए उसी केमिकल इस्तेमाल कर रही है, जिसे पहले भाजपा नेता जहर बताते थे। उन्होंने कहा कि अगर यमुना साफ है तो भाजपा नेता मीडिया के सामने उसी पानी को पीकर दिखाएं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि आज दिल्ली ने एक नया राजनीतिक प्रपंच देखा। विपक्ष ने सफाई पर आपत्ति की। सौरभ भारद्वाज का वीडियो हास्यास्पद था। उन्होंने खुद को मजाक का पात्र बना लिया। केजरीवाल सरकार ने 2018 से 2024 तक बिना किसी आदेश के यमुना किनारे छठ पूजा पर रोक लगाई थी, जिससे पूर्वांचल समाज में आक्रोश फैला था। आज जब रेखा गुप्ता सरकार ने आठ महीने में घाटों की बेसिक सफाई पूरी की है, तो आप इसे सहन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद
नई दिल्ली। छठ महापर्व के मौके पर राजधानी के वासुदेव घाट पर अचानक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां पहुंच सकते हैं। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा से जब पत्रकारों से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि यहां पीएम आ रहे हैं। वासुदेव घाट पर इन दिनों प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यहां मीडिया प्रतिनिधियों को भी अनुमति नहीं दी जा रही है। हालांकि, भाजपा सूत्रों का कहना है कि यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय है, तो यह ‘यमुना पुनर्जीवन’ और ‘छठ पर्व की स्वच्छता’ दोनों को लेकर एक प्रतीकात्मक संदेश देने के उद्देश्य से होगा।
ये भी पढ़ें: Chhath Puja 2025: किन्नर समाज की सनम की छठ भक्ति, आठ साल से निभा रहीं परंपरा, जानें क्या कहा