महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में गिरने के विरोध में दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया गया। काली पट्टी बांधकर भाजपा विधायक सदन में पहुंचे हैं। दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही जारी है। सदन में महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है। सत्र के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने संसद में महिला आरक्षण बिल पास न होने पर विरोध प्रदर्शन किया। दिल्ली विधानसभा का पांचवां विशेष सत्र मंगलवार यानी आज सुबह 11 बजे से शुरू हुआ। विधानसभा की सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं।
महिला आरक्षण बिल पर दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र पर दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, 'कांग्रेस ने भारत की आधी आबादी का अधिकार छीना है। कांग्रेस पिछले कई वर्षों से कहती रही कि हम आरक्षण लाएंगे। आधी आबादी के साथ जो धोखा किया है तो उसके खिलाफ आज निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। महिला आरक्षण जरूरी है। आज हमारी बहनों और बेटियों को उनका अधिकार देना जरूरी है।
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा, 'विपक्ष के लोगों ने महिलाओं का हक (महिला आरक्षण विधेयक) मारा है। प्रधानमंत्री मोदी की मंशा थी कि 850 सीटें करने के बाद 2029 में महिलाओं को उनका हक दिया जाएगा, विपक्ष द्वारा उस हक को रोका गया है। दिल्ली और देश की जनता इसे बर्दाश्त नहीं कर रही है। इसी के लिए आज सेशन बुलाया गया है। निंदा प्रस्ताव पेश होगा और फिर पास होगा। भाजपा सभी महिलाओं को हक दिलाने का काम करेगी।'