दिल्ली के सियासी घमासान के बीच राजनीतिक दलों की नजर उन सीटों पर है, जहां 2020 चुनाव में बेहद कम अंतर से जीत-हार का फैसला हुआ था। इनकी संख्या करीब 20 है। तीनों दलों की जोर आजमाइश फिलहाल इन सीटों को अपने हक में लाने की है। विजेता और उपविजेता के वोटों की संख्या के करीब होने से तीसरे नंबर पर रही पार्टी ने भी अपनी ताकत झोंक दी है। पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि अगर इन सीटों के नतीजों को अपने हक में किया जा सका, तो सियासी बढ़त हासिल की जा सकती है।
दिलचस्प यह कि करीबी अंतर से जिन सीटों पर फैसला हुआ, उनमें से ज्यादातर पर मुकाबला भाजपा व आप के बीच में था। वहीं, कांग्रेस अधिकतर सीटों पर तीसरे नंबर पर रही थी। इस बार मुकाबले के बीच तीनों दल अपनी-अपनी रणनीति के हिसाब से मतदाताओं को हक में करने की कोशिश कर रहे हैं। 2020 में कम अंतर से नंबर-2 पर रहे नेताओं को इस बार दावेदारी में तरजीह दी गई है। वहीं, जो बड़े चेहरे थे उनमें कुछ एक की जीत का अंतर कम देखते हुए सीट भी बदल दी गई है।
मतदाताओं की नब्ज पकड़ने के लिए कराए सर्वे
लक्ष्मी नगर विधानसभा में आप ने भाजपा से आए बीबी त्यागी को मैदान में उतार दिया है। वहीं, 2020 में आप से चुनाव लड़कर नंबर-2 पर रहे उम्मीदवार को भाजपा ने अपने पाले में कर लिया है। हालांकि, भाजपा का प्रत्याशी यहां अभी तय नहीं हुआ है। भाजपा अपनी जीत का अंतर बढ़ाने की कोशिश में लगी हुई है। आप 2015 की तरह फिर इस सीट पर वापसी चाह रही है, लेकिन दोनों ही दल अब तक इस क्षेत्र के मतदाताओं की नब्ज तलाश रहे हैं जिससे जीत हासिल कर सके। इसके लिए अलग से सर्वे करवाया गया है। पार्टी के पूरे प्रदेश के मुद्दों के साथ यहां के मुद्दे साथ में रखे जा रहे हैं।
प्रचार की रणनीति भी इसी तरह बनाई जा रही है। बिजवासन सीट को देखें तो इस बार यहां आप व भाजपा के साथ कांग्रेस ने भी प्रत्याशी बदल दिए हैं। 2008 में अस्तित्व में आई इस सीट पर कांग्रेस जीत का खाता नहीं खोल पाई है, लेकिन पिछली बार मत अंतर कम रहने की वजह से इस बार कांग्रेस ने भी पूरी ताकत लगाई हुई है। कांग्रेस ने आप से 2015 में विधायक बने देवेंद्र को टिकट दिया है। वहीं, आप ने सुरेंद्र भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा ने पूर्व आप नेता कैलाश गहलोत को नजफगढ़ सीट की जगह यहां से उतारकर लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है।
2020 के विधानसभा चुनाव में कम अंतर वाली प्रमुख 10 सीटें
- बिजवासन- 753 वोट से आप प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह जीते
- लक्ष्मी नगर- 880 वोट से भाजपा प्रत्याशी अभय वर्मा जीते
- आदर्श नगर- 1589 वोट से आप प्रत्याशी पवन शर्मा जीते
- कस्तूरबा नगर- 3165 वोट से आप प्रत्याशी मदन लाल जीते
- पटपड़गंज- 3207 वोट से आप प्रत्याशी मनीष सिसोदिया जीते
- शालीमार बाग- 3440 वोट से आप प्रत्याशी बंदना कुमारी जीतीं
- छतरपुर- 3720 वोट से आप प्रत्याशी करतार सिंह तंवर जीते
- कृष्णा नगर- 3995 वोट से आप प्रत्याशी एसके बग्गा जीते
- शाहदरा- 5294 वोट से आप प्रत्याशी रामनिवास गोयल जीते
- किराड़ी- 5654 वोट से आप प्रत्याशी रितुराज गोविंद जीते
अतीत में ये मुकाबले सबसे नजदीकी रहे
- 1993- आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के जय प्रकाश यादव 40 वोट से जीते थे।
- 1998 -रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी राधे श्याम 167 वोट से जीते थे।
- 2003- साकेत विधान सभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय जॉली 121 वोट से जीते थे।
- 2008- राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के दयानंद चंडीला 46 वोट से जीते थे।
- 2013- आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार शर्मा 326 वोट से जीते थे।