दिल्ली विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दल सोशल मी़डिया पर प्रचार के लिए भीड़ में उलझने की जगह तकनीक से अपना लक्ष्य तलाश रहे हैं। चुनाव के केंद्र बिंदु में राजनीतिक दलों के लिए संख्याबल के चलते महिला मतदाता हैं। इसके लिए सभी ने महिला विशेष घोषणाएं की हुई हैं। ऐसा ही कुछ असर सोशल मीडिया पर राजनीतिक दलों की तरफ से दिए गए विज्ञापनों में भी झलक रहा है।
सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म फेसबुक व इंस्टाग्राम पर दिए गए राजनीतिक दलों के विज्ञापनों पर मेटा ट्रांसपेरेंसी सेंटर से मिले पिछले एक माह के आंकड़े दलों के लक्ष्य को स्पष्ट कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से दोनों प्लेटफॉर्म पर 504 विज्ञापन जारी करवाए गए हैं। इनमें 215 विज्ञापन केवल महिला उपयोगकर्ताओं के लिए हैं। मतलब यह कि ये विज्ञापन महिलाओं के नाम पर बने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ही प्रदर्शित होंगे।
इसी तरह भाजपा ने भी 801 में से 15 विज्ञापन केवल महिला उपयोगकर्ताओं के लिए जारी करवाए हैं। वहीं कांग्रेस ने ऐसा कोई विभाजन नहीं किया है। कुल 66 विज्ञापन कांग्रेस की तरफ से भी जारी करवाए गए हैं, जो किसी महिला या पुरुष विशेष लक्षित समूह को प्रदर्शित नहीं होंगे। ये आम यूजर की फेसबुक वॉल या इंस्टा फीड पर दिखाई देंगे।
विज्ञापनों पर खर्च भी कम नहीं
सोशल मीडिया पर फेसबुक व इंस्टा पर विज्ञापन जारी कराने में राजनीतिक दलों का मोटा पैसा खर्च हुआ है। मेटा ट्रांसपेरेंसी सेंटर के आंकड़ों पर गौर करें तो भाजपा ने 801 विज्ञापनों के लिए 2,82,36,629 रुपये खर्च किए हैं। आप ने 504 विज्ञापनों पर 81,83,063 रुपये का भुगतान किया है। कांग्रेस ने 66 विज्ञापनों पर 33,27,139 रुपये लगाए हैं। इसमें महिला विशेष विज्ञापनों पर खर्च अलग से देखें तो भाजपा व आप ने क्रमश: 19.3 व 43.4 फीसदी राशि महिला समूह को लक्षित कर खर्च की है।
फेसबुक व इंस्टाग्राम पर कुल खर्च
- भाजपा - 801 विज्ञापन - 2,82,36,629 रुपये
- केवल महिलाएं -19.3 फीसदी राशि खर्च की गई - 15 विज्ञापन
- केवल पुरुष - शून्य
- सभी लिंग - 80.7 फीसदी राशि खर्च की गई - 279 विज्ञापन
- आम आदमी पार्टी - 504 विज्ञापन - 81,83,063 रुपये
- केवल महिलाएं - 43.4 फीसदी राशि खर्च की गई - 215 विज्ञापन
- केवल पुरुष -30.7 राशि खर्च की गई - 200 विज्ञापन
- सभी लिंग - 25.8 फीसदी राशि खर्च की गई - 89 विज्ञापन
- कांग्रेस - 66 विज्ञापन - 33,27,139 रुपये
- केवल महिलाएं - शून्य
- केवल पुरुष - शून्य
- सभी लिंग - 100 फीसदी राशि खर्च की गई
नोट- सभी आंकड़े पिछले एक माह के हैं।
(श्रोत : मेटा ट्रांस्पेरेंसी सेंटर)