फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi Elections 2020: अमित शाह-नीतीश की जनसभा, केजरीवाल ने भी किया पलटवार

Sun, 02 Feb 2020 09:42 PM IST
शाहरुख खान चुनाव डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:41 PM, 02-Feb-2020

केजरीवाल का पलटवार

दिल्ली में रैली को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल: योगी आदित्यनाथ हमें आकर बताएंगे स्कूल और अस्पताल खराब हैं। तुम्हारे गोरखपुर के अस्पताल की सारी जनता पोल जानती है। अपने स्कूल, अस्पताल संभाल लो।
 

08:53 PM, 02-Feb-2020

विश्वास नगर में केजरीवाल की जनसभा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विश्वास नगर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर भाजपा के लोग आपके पास आते हैं तो उनको बताएगा कि जब तक केजरीवाल मुख्यमंत्री है जब तक बस में सफर, बिजली,पानी, स्कूल और अस्पताल में इलाज मुफ्त रहेगा। 
 

08:46 PM, 02-Feb-2020

नीतीश ने भी बोला हमला

दिल्ली में  रैली को संबोधित करते हुए बिहार सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि  हमारे बिहार के बहुत लोग यहां हैं हमने बस की सेवा शुरू की। हमने यहां की सरकार से अनुमति मांगी। अनुमति नहीं मिली। पटना से जो बस चलती है वो गाजियाबाद तक आती है, वहां से अन्य प्रकार से यहां तक आना पड़ता है।
 

 

विज्ञापन
08:41 PM, 02-Feb-2020

केजरीवाल पर तंज

बुराड़ी मे जनसभा को संबोधित करत हुए अमित शाह ने कहा कि  मैंने अपनी जिंदगी में बहुत से चुनाव लड़े ओर लड़ाये हैं, लेकिन मैंने दिल्ली सरकार जैसी झूठ बोलने वाली सरकार कभी नहीं देखी। कई बार राज्य सरकारों के बीच विभिन्न विकास कार्यों को लेकर स्पर्धा होती है, लेकिन कहीं पर भी दिल्ली सरकार का पहला नंबर नहीं आया। लेकिन अगर झूठ बोलने की कहीं स्पर्धा हो जाये, तो उसमें केजरीवाल जी का पहला नंबर आएगा।

08:15 PM, 02-Feb-2020

अमित शाह और नीतीश की जनसभा

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिल्ली के बुराड़ी में जनसभा को संबोधित किया। केजरीवाल पर तंज कसते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोगों को केवल प्रचार में रुचि और पिछले पांच वर्षों में उन्होंने अन्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों पर सवाल उठाया हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने जिन्हें चुना उन्होंने दिल्ली को चलाने के लिए कुछ नहीं किया। 

विज्ञापन
06:17 PM, 02-Feb-2020

रैली में जेपी नड्डा का दावा

रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार न होने के बावजूद भी मोदी जी ने दिल्ली की 1,731 अनाधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत किया, 40 लाख लोगों को मकान का हक दिलाया।

06:14 PM, 02-Feb-2020

चुनाव प्रचार में जुटे नड्डा और नीतीश

दिल्ली के संगम विहार में भाजपा-जदयू गठबंधन प्रत्याशी डॉ. शिव चरण लाल गुप्ता के समर्थन में आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रैली की। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मैं जेपी नड्डा साहब को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के लिए विशेष रुप से बधाई देता हूं, भाजपा और एनडीए को और आगे बढ़ाने में उनकी बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

04:21 PM, 02-Feb-2020

मैदान में उतरे कांग्रेस के स्टार प्रचारक

चुनाव के नजदीक आते ही कांग्रेस के स्टार प्रचारकों ने भी कमान संभाल ली है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज बादली विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवार के लिए प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बादली विधानसभा ने मन बना लिया है कि आठ फरवरी को हाथ का बटन दबाकर बदलाव के लिए मतदान करना है। 
 

04:11 PM, 02-Feb-2020

आप ने चुनाव आयोग से की योगी आदित्यनाथ की शिकायत

चुनाव प्रचार के दौरान भड़काऊ भाषण देने और धार्मिक आस्थाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। आप ने शिकायत में कहा है कि अपने भाषणों में सीएम योगी ने केजरीवाल पर पाकिस्तानी नेताओं का साथ देने के आरोप लगाए हैं। आप का कहना है कि योगी ने ऐसा करके चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है। 

03:37 PM, 02-Feb-2020

आप नेता संजय सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के दिल्ली में चुनाव प्रचार पर रोक लगानी चाहिए। उन्होंने (योगी) कहा कि केजरीवाल के पाकिस्तान के साथ संबंध हैं। योगी को गिरफ्तार करना चाहिए और उनसे इस दावे के लिए सबूत मांगने चाहिए। निर्वाचन आयोग इस पर बिल्कुल शांत है।   
 
 

02:49 PM, 02-Feb-2020

द्वारका में तेजस्वी यादव का रोड शो

रविवार को राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने द्वारका सेक्टर- 1 में रोड शो कर वोट की अपील की। उनके साथ पालम विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी निर्मल कुमार सिंह भी मौजूद थे। राजद दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। 

02:46 PM, 02-Feb-2020

सरकार बनी तो नागरिकता कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएगी कांग्रेस

कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में यह वादा किया है कि अगर दिल्ली में उनकी सरकार बनी तो, नागरिकता कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह भी दावा किया है कि उनकी सरकार दिल्ली में न तो एनआरसी लागू नहीं होने देगी और न ही यहां एनपीआर का काम होगा। 

01:12 PM, 02-Feb-2020

कांग्रेस ने जारी किए दो घोषणा पत्र

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर अब तक ठंडी नजर आ रही कांग्रेस ने रविवार को अपना घोषणा पत्र (मेनिफेस्टो) जारी कर दिया। इस बार पार्टी के ओर से दो घोषणा पत्र जारी किए गए हैं। इसमें दिल्ली में एम्स जैसे पांच अस्पताल बनाने का वादा किया है। इसके साथ ही सभी अवैध कॉलोनियों को नियमित करने और लड़कियों को पीएचडी तक की मुफ्त सुविधा देने का वादा किया गया है। वहीं कांग्रेस ने दूसरे घोषणा पत्र का नाम 'ग्रीन दिल्ली मेनिफेस्टो' रखा है। दूसरे घोषणा पत्र में पर्यावरण और ईको-फ्रेेंडली परिवहन को बढ़ावा देने का वादा किया गया है। 

12:36 PM, 02-Feb-2020

डोर-टू-डोर कैंपेन में अमित शाह

दिल्ली चुनाव को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने डोर-टू-डोर कैंपेन कर लोगों से वोट की अपील की। 
 

12:28 PM, 02-Feb-2020

ग्रेटक कैलाश में नड्डा का जनसंपर्क अभियान

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज दिल्ली के ग्रेटर  कैलाश विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान करने पहुंचे। इस दौरान भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ नजर आई। 

11:49 AM, 02-Feb-2020

किराड़ी में केजरीवाल का रोड शो

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज के चुनाव प्रचार की शुरूआत किराड़ी विधानसभा क्षेत्र से की। किराड़ी में केजरीवाल ने रोड शो कर लोगों से वोट की अपील की। इस दौरान सड़कों पर भारी भीड़ देखने को मिली।
 

11:05 AM, 02-Feb-2020

प्रकाश जावड़ेकर ने घर-घर जाकर किया प्रचार

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दिल्ली के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रचार कर लोगों से वोट की अपील की। वहीं धर्मेंद्र प्रधान भी मालवीय नगर में प्रचार करने पहुंचे हैं।

 

10:19 AM, 02-Feb-2020

दिल्ली विधानसभा चुनावः कांग्रेस आज जारी करेगी घोषणा पत्र

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस आज अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी। माना जा रहा है कि इसमें दिल्ली के विकास के मुद्दे सहित कई और महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया जाएगा। घोषणा पत्र में 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली, पेंशन में बढ़ोतरी, अनधिकृत कॉलोनियों के नियमित करने में 7 ए की अड़चन दूर करने सहित कई अहम मुद्दे को शामिल किया जा सकता है। राजीव भवन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी पीसी चाको, अजय माकन, सुभाष चोपड़ा, कुलदीप सिंह नागरा सहित अन्य अन्य नेता पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे।

कांग्रेस से पहले भाजपा ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र ‘दिल्ली संकल्प पत्र’ जारी किया और गरीबों के लिए दो रुपये प्रति किलो के भाव से अच्छा आटा और हर घर को स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करने का वादा किया है। भाजपा के घोषणा पत्र में यह भी कहा गया है कि केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन की तर्ज पर पार्टी हर परिवार को स्वच्छ पेयजल भी देगी। घोषणापत्र में भाजपा ने केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि को भी लागू करने का वादा किया है। रोजगार बढ़ाने के लिए पार्टी सभी सरकारी रिक्त पदों पर भर्ती करेगी।

08:50 AM, 02-Feb-2020

जेपी नड्डा भी करेंगे 'महा जन संपर्क अभियान' की शुरुआत

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी 'महा जन संपर्क अभियान' के तहत आज डोर-टू-डोर कैंपेन चलाएंगे। नड्डा नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में अपना अभियान शुरू करेंगे। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी रैली करेंगे। स्मृति ईरानी भी आज रैली को संबोधित करेंगी। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 3 फरवरी से दिल्ली के चुनावी मैदान में उतरेंगे। तीन और चार फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियां होनी भी तय हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन फरवरी को पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड में और चार फरवरी को द्वारका के रामलीला मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे। इन रैलियों में बीजेपी के बीस-बीस विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी भी उपस्थित रहेंगे। राहुल और प्रियंका गांधी की रैलियां भी इन्हीं तारीखों पर हैं, इसलिए दोनों तरफ से शब्द बाण चलने की उम्मीद की जा रही है।

08:47 AM, 02-Feb-2020

योगी आदित्यनाथ की ओखला में रैली

इसके अलावा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ आज ओखला में रैली करेंगे। इसी विधानसभा इलाके में शाहीन बाग आता है, जहां नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। इससे पहले शनिवार को भी सीएम योगी ने दिल्ली में कई रैलियों को संबोधित किया था। 

शनिवार को अपनी पहली जनसभा में ही उन्होंने पाकिस्तान से लेकर शाहीनबाग और राम मंदिर जैसे मुद्दों को जनता के सामने रखा। उन्होंने लगातार चार जनसभा में जमकर हिंदुत्व का कार्ड खेला और दिल्ली के मुख्यमंत्री को पाकिस्तान से सहानुभूति लेने का आरोप लगाते हुए दिल्ली की जनता से भाजपा को वोट करने की अपील की।

आदर्श नगर में सभा को संबोधित करने पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पाकिस्तान का एक मंत्री केजरीवाल के समर्थन में अपील कर रहा है यानी उन्हें दिल्ली की जनता पर विश्वास नहीं है। अपने पाकिस्तान के आकाओं से कह करके अपने पक्ष में बयान दिलवा रहे हैं। 

पाकिस्तान का मंत्री दिल्ली के चुनाव में केजरीवाल के समर्थन में बोलता है। क्या लगता है इससे। इनके तार कहां तक जुड़े हैं, ये तो देश के साथ गद्दारी है। इन चेहरों को पहचान लीजिए ये देश की सुरक्षा के लिए घातक हैं। केजरीवाल को अपने लोगों पर विश्वास कम है और पाकिस्तान पर विश्वास ज्यादा है। पाकिस्तान से कहलवा रहे हैं कि किसे वोट देना है और किसे नहीं। देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के हिंदू 23 प्रतिशत से घटकर 1 प्रतिशत हो गए।

केजरीवाल व टुकड़े-टुकड़े गैंग नागरिकता संशोधन कानून पर जगह-जगह धरने करा रहे हैं। जब देश ही नहीं रहेगा तो किस तरह की भारत की सोच केजरीवाल रखते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाओगे तो भरपाई भी करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि यूपी में गुंडे तख्ती लगा कर ठेला लगाकर रोजगार कर रहे है। दिल्ली में पोलिटिकल ब्लैकमेलर का गैंग है जो विकास की बात सोच ही नहीं सकता। दिल्ली की जनता को केजरीवाल ने बुनियादी सुविधा से वंचित किया है, आम आदमी को तबाह किया है। जर्जर स्कूल, स्वास्थ्य सुविधा सरकार दे रही है।

08:34 AM, 02-Feb-2020

जेडीयू प्रत्याशी शैलेंद्र कुमार का प्रचार करेंगे नीतीश कुमार

दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मी आज और बढ़ने वाली है, कांग्रेस, भाजपा और जनता दल यू के दिग्गज नेता आज प्रचार के लिए उतरेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दिल्ली में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रशांत किशोर मामले के बाद सीएम नीतीश कुमार आज पहली बार गृहमंत्री अमित शाह के साथ मंच साझा करेंगे।

यह रैली बुराड़ी और संगम विहार में होंगी। बुराड़ी से जनता दल यूनाइटेड उम्मीदवार शैलेंद्र कुमार मैदान में हैं। इनके समर्थन में शाह और नीतीश रैली करने जा रहे हैं। ये पहली बार होगा जब सीएम नीतीश कुमार किसी चुनावी रैली में अमित शाह के साथ मंच साझा करेंगे। 

दोनों नेता बुराड़ी में जदयू उम्मीदवार शैलेंद्र कुमार के समर्थन में रैली करेंगे। संगम विहार में भी जदयू उम्मीदवार मैदान में है। यहां मंच पर उनके साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा होंगे। पूर्व भाजपा एमएलसी एस सी एल गुप्ता संगम विहार से जदयू उम्मीदवार हैं। दिल्ली चुनाव के लिए भाजपा और जदयू में गठबंधन हुआ है जिसके तहत नीतीश कुमार की पार्टी को बुराड़ी और संगम विहार की सीट दी गई है।

08:30 AM, 02-Feb-2020

LIVE : अमित शाह-नीतीश की जनसभा, केजरीवाल ने भी किया पलटवार

दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मी रविवार से और बढ़ने वाली है जब कांग्रेस, भाजपा और जनता दल यू के दिग्गज नेता प्रचार के लिए उतरेंगे। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में दिग्गजों के बीच धुआंधार घमासान देखने को मिलेगा। बड़े-बड़े नेता जनसभाओं के जरिए भीड़ जुटाकर ताकत का अहसास कराएंगे।

रविवार दो फरवरी के बाद से बड़े नेताओं की रैलियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। एक तरफ पीएम नरेंद्र मोदी प्रचार युद्ध में उतरेंगे तो दूसरी तरफ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी चुनाव प्रचार में उतरेंगे। इसके अलावा बिहार के सीएम नीतीश कुमार भी दिल्ली में रैली करेंगे।  

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें