दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020: भाजपा चुनाव प्रचार
- फोटो : अमर उजाला
2-3 फरवरी की रात ढाई बजे तक देश के गृहमंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार और उसकी रणनीति बनाने में व्यस्त थे। संजय मयूख साये की तरह साथ थे। अमित मालवीय बड़ी तैयारियों में लगातार व्यस्त थे और केंद्रीय रेल तथा वाणिज्य मंत्री पीयुष गोयल शाह से मिलने के बाद कुछ घंटों के आराम के लिए आवास पर लौट आए। सुबह सूरज की धूप खिली तो सबकी सक्रियता फिर शुरू हो गई। शाह की टीम को चुनाव प्रचार में आज भी रात दो बज जाने का अनुमान है। अब यह सिलसिला अगले 72 घंटे तक चलेगा।
72 घंटे का पावर प्ले
भाजपा के लिए दिल्ली आर-पार की तरह है। पार्टी ने 72 घंटे का पावर प्ले तैयार किया है। इसमें दर्जन भर अधिक राज्यों के नेता, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पूर्व सदस्य, मंत्री, पूर्व मंत्री, मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को भी उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली में उत्तमनगर, द्वारका, महरौली और विकासपुरी में जनसभा कर रहे हैं।
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर भी पूरी ताकत लगा दी है। पार्टी के लिए 2500 वॉलेंटियर्स ने भी दिल्ली के मेट्रो स्टेशन तथा प्रमुख स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक, नुक्कड़ सभाएं, जागरुकता अभियान चलाकर दिल्ली वालों का मूड बदने की कोशिश में लगी है। प्रकाश जावड़ेकर टीम के सदस्य की माने तो अगले 72 घंटे में बहुत कुछ बदलने वाला है। दिल्ली का मूड बदलने जा रहा है। बताते हैं राजस्थान, म.प्र., छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, उत्तराखंड, उ.प्र., महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में रुककर पार्टी को समय दिया है।